प्रयागराज में गंगा-यमुना फिर उफान पर

प्रयागराज, संगमनगरी प्रयागराज में गंगा और यमुना नदी में जलस्तर फिर से बढ़ने से तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा सताने लगा है। पिछले 24 घंटे के दौरान गंगा और यमुना जलस्तर क्रमश: 29 और 21 सेंटीमीटर बढ़ गया है।

सिंचाई बाढ़ खंड के नियंत्रण कक्ष के अनुसार शुक्रवार को शाम चार बजे गंगा का जलस्तर 78.94 मीटर दर्ज किया गया था जबकि शनिवार को 29 सेंटीमीटर बढ़कर 79.23 मीटर दर्ज किया गया है। नैनी में यमुना का जलस्तर इसी प्रकार शुक्रवार को 79.60 मीटर दर्ज किया गया था जो शनिवार चार बजे 21 सेंटीमीटर बढ़कर 79.61 सेंटीमीटर दर्ज किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक वर्षा के बाद और मध्य प्रदेश की नदियों में उफान और हरिद्वार से 97022 क्यूसेक, नरोरा से 1,15,180 क्यूसेक और कानपुर बैराज से 2,55, 908 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है जिससे दोनो नदियों में जलस्तर बढ़ रहा है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि गंगा जी बंधवा स्थित लेटे श्री बड़े हनुमान मंदिर के पार्क तक पहुंच गई हैं। बजरंग पिछले हफ्ते बजरंग बली का अभिषेक करने के बाद गंगा वापस हो गई थीं, लेकिन अब दोबारा गंगाजी श्री बड़े हनुमान मंदिर की तरफ बढ़ रही हैं। लोगों का कहना है कि यही रफ्तार रही तो देर शाम या कल सुबह तक गंगा मंदिर में फिर प्रवेश कर सकती हैं।

Related Articles

Back to top button