उप राष्ट्रपति ने कहा,दुनिया को बचाने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा समय की मांग

गांधीनगर ,  उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बुधवार को यहां कहा कि जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग के इस दौर में नवीकरणीय ऊर्जा केवल विकल्प ही नहीं, बल्कि मौजूदा समय की मांग भी है। क्योंकि इसके साथ समग्र जीवसृष्टि का अस्तित्व जुड़ा हुआ है।

केंद्र सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से आयोजित चौथे वैश्विक नवीकरणीय ऊर्जा निवेशक सम्मेलन और एक्सपो 2024 (री-इन्वेस्ट) का समापन समारोह आज श्री धनखड़ की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में आयोजित इस समापन समारोह में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी मौजूद रहे।

उप राष्ट्रपति ने नवीकरणीय ऊर्जा यानी रिन्यूएबल एनर्जी क्षेत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग के इस दौर में नवीकरणीय ऊर्जा केवल विकल्प ही नहीं, बल्कि मौजूदा समय की मांग भी है। क्योंकि इसके साथ समग्र जीवसृष्टि का अस्तित्व जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत ने पर्यावरण का संरक्षण कर पूरी दुनिया को बचाने के लिए रिन्यूएबल एनर्जी क्षेत्र में वैश्विक महायज्ञ का आह्वान कर अनुरोध किया कि प्रत्येक नागरिक नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाकर इस महायज्ञ में अपनी आहुति दे।

इस ऐतिहासिक आयोजन में लगभग 250 से अधिक विषय विशेषज्ञ वक्ताओं और उतनी ही संख्या में डेलीगेट्स भी सहभागी हुए हैं। गुजरात में आयोजित इस कार्यक्रम में तीन दिनों के दौरान हजारों की संख्या में नागरिकों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई है, जो वास्तव में सराहनीय है। उप राष्ट्रपति ने ऐसे वैश्विक आयोजन के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री को बधाई दी। री-इन्वेस्ट एग्जीबिशन में इस दुनिया को और अधिक जीने तथा रहने लायक स्थान बनाने के लिए वैश्विक स्तर के उपाय प्रदर्शित किए गए हैं, जिसमें 200 से अधिक कंपनियों ने हिस्सा लिया है।

इसके अलावा, समिट के तीन दिनों के दौरान 500 से अधिक बीटूबी (बिजनेस टू बिजनेस) और बीटूजी (बिजनेस टू गवर्नमेंट) बैठकें भी आयोजित हुई हैं। जिसमें दुनिया भर के राजनयिकों ने यह निष्कर्ष निकाला है कि नवीकरणीय ऊर्जा केवल विकल्प ही नहीं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व के लिए एक महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इसे ध्यान में रखते हुए उप राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि री-इन्वेस्ट समिट रिन्यूएबल एनर्जी क्षेत्र के विकास का एक शक्तिशाली माध्यम बनेगी।

उप राष्ट्रपति ने कहा कि पृथ्वी पर मौजूद प्राकृतिक संसाधन सभी के लिए हैं, लेकिन उसका उपयोग करने में हम ज्यादा लोभ करेंगे, तो वह विनाश को आमंत्रित करेगा। आज जलवायु परिवर्तन जीवसृष्टि के अस्तित्व के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। जीवसृष्टि के लिए पृथ्वी के अलावा कोई दूसरा ग्रह नहीं है, इसलिए इन समस्याओं का सामना करने के अलावा हमारे पास दूसरा कोई विकल्प नहीं है।

उन्होंने कहा कि भारत के प्राचीन वेदों और उपनिषदों में भी रिन्यूएबल एनर्जी यानी अक्षय ऊर्जा के उपयोग के संबंध में बताए गए उपायों को आज पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है।

उप राष्ट्रपति ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को सुंदर विश्व देना हम सभी का दायित्व है। आज तक मानव जाति ने वैश्विक संपदा को जो नुकसान पहुंचाया है, उसे लेकर अब नागरिकों में जागरूकता फैल रही है। नतीजतन, धरती को बचाने के इस महायज्ञ में प्रत्येक नागरिक को अपनी आहुति देनी होगी और इसके लिए सभी को एक सैनिक की तरह काम करना होगा।

Related Articles

Back to top button