दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियां पूरी, राष्ट्रपति को सौंपी मतदाता सूचना पर्ची

दिल्ली, दिल्ली विधानसभा चुनाव की 70 सीटों पर बुधवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से बनाए रखने के सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं और आज दोपहर से सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव आयोग के कर्मचारी ड्यूटी के लिए रवाना हो चुके हैं।

दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर. एलिस वाज ने मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और उन्हें दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपनी मतदाता सूचना पर्ची सौंपी। श्री वाज के साथ नयी दिल्ली जिला निर्वाचन अधिकारी सनी कुमार सिंह और बूथ लेवल अधिकारी सुरेश गिरी थे। उन्होंने राष्ट्रपति को चुनाव आयोग के मतदाता जागरूकता और सुविधा प्रयासों के बारे में जानकारी दी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। आयोग ने विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से मतदान केंद्रों तक पहुंचने की अपील की है।

दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटों पर कल सुबह से मतदान शुरू होगा और चुनाव नतीजे आठ फरवरी को घोषित किये जायेंगे। इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर 699 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यत: तीन प्रमुख दलों- सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप), विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस पार्टी ने एक दूसरे के खिलाफ तीखे हमले किए। तीनों पार्टियों के बीच दिल्ली के मतदाताओं को लुभाने के लिए लोक-लुभावन चुनावी वायदे करने की होड़ देखी गयी।

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कल सुबह सात बजे से राष्ट्रीय राजधानी के सभी 70 सीटों पर मतदान के लिए कुल 1.56 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 83,76,173 पुरुष, 72,36,560 महिला और 1,267 उभयलिंगी मतदाता शामिल हैं। इस बार लिंग अनुपात 864 और ईपी रेशिया (इलेक्टर टू पॉपुलेशन रेशियो) 71.86 दर्ज किया गया है, जिससे स्पष्ट है कि महिलाओं की भागीदारी भी मजबूत होगी। इस बार युवा और वरिष्ठ नागरिकों की अच्छी-खासी भागीदारी देखी जा रही है। कल के मतदान में 18-19 वर्ष के 2,39,905 युवा मतदाता पहली बार मतदान करेंगे, जो कि युवाओं की लोकतंत्र में बढ़ती रुचि को दर्शाता है। वहीं 85 वर्ष से अधिक उम्र के 1,09,368 वरिष्ठ नागरिक और 100 वर्ष से अधिक उम्र के 783 मतदाता भी लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी निभाएंगे। इसके अतिरिक्त 79,885 दिव्यांग मतदाता और 12,736 सेवा मतदाता भी सूची में शामिल हैं।

दिल्ली में इस बार कुल 13,766 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पूरी दिल्ली में 2,696 मतदान स्थल तय किए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके। चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए कुल 97,955 कर्मचारी और 8,715 स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। मतदान के दिन केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 220 कंपनियां, होमगार्ड के 19,000 जवान और दिल्ली पुलिस के 35,626 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में हो सके।

विशेष पुलिस आयुक्त देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने चुनाव से संबंधित सभी सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत 340 लोगों को गिरफ्तार किया है और इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते हुए 278 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। दिल्ली में आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में पिछले 24 घंटे में 12 लाख 58 हजार रुपए नकदी जब्त की और सात लोगों को अवैध हथियार रखने के जुर्म में गिरफ्तार किया। इस अलावा इस अवधि में 27 प्राथमिकी करके 28 लोगों को हिरासत में लिया है और 1834 लीटर लेकर शराब जब्त की। अभी तक एक लाख 10 हजार से ज्यादा लीटर शराब जब्त की गयी है जिसकी अनुमानित मूल्य पौने चार करोड़ रुपये है।

गौरतलब है कि श्रीमती मुर्मु इससे पहले ओडिशा के मयूरभंज की मतदाता थीं। उन्होंने लोकतांत्रिक भागीदारी का पालन करने के लिए राष्ट्रपति ने पता बदलने की प्रक्रिया का पालन करते हुए आवेदन किया था। श्रीमती मुर्मु दिल्ली विधानसभा चुनाव में नयी दिल्ली जिले से अपना वोट डालने की पात्र हैं।

Related Articles

Back to top button