पांचवें जल पुरस्कार घोषित, राज्यों में ओडिशा, सूरत शहर श्रेणी में प्रथम

नयी दिल्ली,  जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने आज यहां 5वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार के विजेताओं की घोषणा की जिसमें राज्यों की श्रेणी का पहला पुरस्कार ओडिशा तथा शहरों के वर्ग के प्रथम पुरस्कार के लिए सूरत शहर को चुना गया।

सीआर पाटिल ने सोमवार को यहां श्रम शक्ति भवन में पुरस्कारों की घोषणा करते हुए कहा कि पुरस्कार 2023 के लिए घोषित हुए हैं और पुरस्कार नौ श्रेणियों में समारोहपूर्वक दिए जाएंगे। पुरस्कार वितरण समारोह 22 अक्टूबर को होगा जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि होंगी।

उन्होंने कहा कि ये पुरस्कार मंत्रालय के तहत जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग पुरस्कार देता है और 5वें जल पुरस्कार में कुल 38 विजेताओं की घोषणा की गयी है। सर्वश्रेष्ठ जिला, सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत, सर्वश्रेष्ठ शहरी स्थानीय निकाय, सर्वश्रेष्ठ स्कूल या कॉलेज, सर्वश्रेष्ठ उद्योग, सर्वश्रेष्ठ जल उपयोगकर्ता संघ, सर्वश्रेष्ठ संस्थान और सर्वश्रेष्ठ नागरिक समाज को ये पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

सीआर पाटिल ने कहा कि सर्वश्रेष्ठ राज्य की श्रेणी में पहला स्थान ओडिशा को मिला है जबकि उत्तर प्रदेश को दूसरा और गुजरात तथा पुद्दुचेरी को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला है। जल पुरस्कार विजेता को एक प्रशस्ति पत्र और एक ट्रॉफी के साथ-साथ कुछ श्रेणियों में नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button