अखिलेश यादव ने कहा,जुमलेबाजी करने वाले अब गारंटी का झांसा दे रहे हैं

अलीगढ़, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने का आरोप लगाते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि दस साल तक जुमलेबाजी करने वाले अब गारन्टी का झांसा दे रहे हैं।

इंडिया गठबंधन के सपा प्रत्याशी बिजेन्द्र सिंह और हाथरस के प्रत्याशी जसबीर बाल्मीकि के समर्थन में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुये अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की पहचान लूट और झूठ है। भाजपा ने अपराधियों और भ्रष्टाचारियो के लिए गोदाम बनवा लिया है। सारे अपराधी, भ्रष्टाचारी भाजपा में चले गए हैं। भाजपा ने इलेक्टोरल बांड के जरिए भारी भ्रष्टाचार किया है। चुनावी चंदा के नाम पर हजारों करोड़ रूपये की वसूली की है। इलेक्टोरल बांड ने भाजपा का बैंड बजा दिया है। भाजपा नेताओं की बोलती बंद है। भाजपा लोकतंत्र और संविधान को खत्म कर रही है।

उन्होने कहा कि बाबा साहब अम्बेडकर के संविधान पर संकट है। भाजपा के नेता चुनाव जीत कर संविधान बदलना चाहते हैं। आरक्षण खत्म करना चाहते हैं। जनता को सावधान रह कर वोट करना है। संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए वोट करना है। दस साल तक जुमलेबाजी करने वाले अब गारन्टी का झांसा दे रहे हैं। देश की जनता को भाजपा की झूठी गारन्टी नहीं, बाबा साहब के संविधान में मिली गारन्टी चाहिए। भाजपा बाबा साहब के संविधान को हटा कर जनता का वोट का अधिकार छीनना चाहती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि पहले चरण के लोकसभा चुनाव से भाजपा घबरा गई है। भाजपा के दिल्ली और लखनऊ के नेताओं के भाषणों में चुनाव के रूझान आने लगे है। पश्चिम के लोगों ने अपने मतदान से भाजपा का सफाया कर दिया है। इंडिया गठबंधन के बढ़त की चर्चा पूरे देश में हो रही है।

उन्होने कहा कि भाजपा के नेताओं ने दूसरी पार्टियों को लेकर झूठ फैलाना शुरू कर दिया। अपने मन की बातें करने लगे हैं, लेकिन अब मन की बात नहीं, संविधान की बात होगी। जनता भाजपा को हटाने के लिए तैयार है। अलीगढ़ की जनता जीत का रिकार्ड बनाने जा रही है। अलीगढ़ की पहचान गंगा जमुनी तहजीब और इल्म से है।

उन्हाेने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भाजपा के भ्रष्टाचार और अन्याय से त्रस्त जनता भाजपा को हराकर संविधान और लोकतंत्र को बचाएगी। अलीगढ़ वाले भाजपा के नफरत वाले मंसूबो पर इस बार ताला लगा देंगे। भाजपा ने दस साल की सरकार में जनता को दुःख और परेशानी दी है। तीन काले कानून लाकर किसानों को धोखा दिया, अपमानित किया। नोटबंदी और जीएसटी से आम जनता और कारोबारियों को संकट में डाला।

अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों ने किसानों नौजवानों का जीवन बर्बाद कर दिया। भाजपा सरकार में गरीबी और महंगाई से त्रस्त होकर एक लाख से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या कर ली। केन्द्र सरकार ने उद्योगपतियाें का 15 लाख करोड़ का कर्ज माफ कर दिया लेकिन किसानों को फसलों की एमएसपी का कानूनी अधिकार नहीं दिया। आंदोलनकारी किसानों को अपमानित किया।

केन्द्र में इंडिया गठबंधन की सरकार आ रही है। सरकार बनते ही किसानों को फायदा मिलेगा। एमएसपी का कानून बनेगा। किसानों का कर्ज माफ होगा। नौजवानों को नौकरी मिलेगी। छात्रों को समाजवादी सरकार की तरह लैपटॉप देकर डिजीटल डिवाइड दूर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button