उत्तर प्रदेश में राममंदिर प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव मनाया गया हर्षाेल्लास के साथ

उत्तर प्रदेश में राममंदिर प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव मनाया गया हर्षाेल्लास के साथ

लखनऊ, अयोध्या में वर्षों के इंतजार के बाद भव्य राममंदिर में प्रभुश्रीराम के बालविग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव सोमवार को समूचे उत्तर प्रदेश में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर झांसी, मुरादाबाद, कौशांबी, प्रयागराज और देवरिया सहित प्रदेश के सभी जिलों से भव्य कार्यक्रमाें के आयोजन की सूचना है। सभी जगह मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया, सुंदर कांड व अखंड रामायण के पाठ के साथ साथ भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। शाम के समय दीपोत्सव कर आयोजन किया गया। इतना ही नहीं लोगों ने जगह जगह पर आतिशबाजी कर इस भव्य आयोजन को लेकर अपनी अपनी खुशी का इजहार किया।

बुंदेलखंड के झांसी से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार छोटे बड़े सभी मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान मंदिरों में भजन कीर्तन और रामसेवकों द्वारा प्रभु श्रीराम की विशेष आरती की गयी।कहीं मंदिरों में सुंदरकाड का सामूहिक पाठ किया गया तो कहीं अखंड रामायण का आयोजन किया गया। कहीं हनुमान चालीसा के साथ हवन और धार्मिक अनुष्ठान के साथ प्रसाद वितरण किया गया।

महानगर के 60 वार्डों और प्रत्येक मोहल्ले को विशेष रूप से सजाया गया। महानगर के 35 चौराहों को विशेष रूप से सजा धजा कर रामलला के स्वागत को तैयार किया गया विभिन्न बाजारों में लोग रामधुन पर लोग नाचते गाते नजर आये तो जगह जगह पर भंडारों का आयोजन किया गया। महानगर में 16 मंदिरों और जिले में 12 मंदिरों में राम लला प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया।

देवरिया जिला प्रभुश्रीराम के स्वागत में राममय हो गया और लोगों में उत्साह का माहौल नजर आया। मंदिरों और घरों को झालरों तथा दीयों से सजाया गया है। शहर में हनुमान मंदिर, देवरही मंदिर, सोमनाथ मंदिर, बालाजी मंदिर, रूद्रपुर के दुग्धदेश्वर नाथ मंदिर, बारीपुर के प्राचीन हनुमान मंदिर सहित आदि मंदिरों में सुबह से ही सुंदरकांड, रामायण और रामनाम जप का आयोजन किया गया है। कई संस्थाओं की ओर से सुबह प्रभातफेरी निकाली गई। मेडिकल कालेज के छात्रों ने अपने प्राचार्य तथा सहायक प्रोफेसरों के साथ मेडिकल कालेज परिसर में जय श्रीराम का जयघोष करते हुए फेरी लगाये।दीवानी कचहरी परिसर में वकीलों ने सुन्दर कांड का पाठ किये तथा इस दौरान भण्डारे का आयोजन किया गया था। जिसमें तमाम अधिवक्ता सुन्दर कांड का पाठ किये। कलेक्ट्रेट में भी कर्मचारियों तथा अधिकारियों के द्वारा सुन्दर कांड पाठ का आयोजन किया गया था। यहां शाम को अधिकांश घरों में राम ज्योति जलाई जलायी जायेगी।

कौशांबी जिले में अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के भव्य कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट दिखाया गया। इस आयोजन को लेकर राम भक्तों में बेहद उत्साह देखा गया। गांव से लेकर शहरी क्षेत्र में धार्मिक स्थलों मंदिरों में रंग-बिरंगे गुब्बारे लगाकर सजाया गया। श्री राम के जयकारे से संपूर्ण वातावरण राम मय हो गया।नगर पंचायत दारानगर कड़ा धाम के देवीगंज चौराहे में बाजार जिला मुख्यालय मंझनपुर में दुर्गा देवी मंदिर सिराथू नगर पंचायत में राधा कृष्ण मंदिर में भक्तों ने रामचरितमानस सुंदर कांड का पाठ और कीर्तन भजन किया गया।

मुरादाबाद मंडल में भी इस भव्य आयोजन के लेकर लोगो के बीच गजब का उत्साह देखने काे मिला।मुरादाबाद के अलावा अमरोहा जनपद के मंदिरों के साथ ही सरकारी भवनों, प्रमुख चौराहों व बाज़ारों को भव्य तरीके से सजाया गया। वहीं दूसरी ओर गांव-गांव यज्ञ-हवन तथा मंदिरों में रामायण- सुंदरकांड पाठ के साथ भंडारे लगाए गए। अमरोहा के मंडी धनौरा क्षेत्र में यज्ञ-हवन करते हुए ट्रैक्टर ट्रालियों में सवार होकर ग्रामीणों द्वारा हवनकुंड को गांव-गांव घुमाया गया।

संगम नगरी प्रयागराज में भी रामलला के अयोध्या आगमन पर पूरा माहौल राम के रंग में रंगा नजर आया, विशेष रूप से माघ मेले में इसका एक अनूठा ही रूप नजर आ रहा है।माघ मेला क्षेत्र में साधु-संत, कल्पवासी अपने शिविरों में सबसे अधिक राम कथा और रामनाम का जाप कर रहे हैं। संत महात्माओं के शिविर के अलावा प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र में लाडस्पीकर पर रामधुन स्वरलहरी गूंज रही है। जगह-जगह संत महात्माओं के शिविर में अखंड रामायण पाठ, सुंदरकांड पाठ का कार्यक्रम चल रहा है। कल्पवासी अपने शिविराें में राम नाम का भजन कर रहे हैं। मेला क्षेत्र में स्पीकर पर राम भजन, राम कथा और राम आरती विशेषकर “ मेरी झोपड़ी के भाग्य आज खुल जाएंगे, राम आएगे, राम-राम जय राजा राम, राम राम राम जय सीता राम” आदि भजनों से गुंजायमान है।

मेला क्षेत्र के अलावा प्रयागराज महानगर में लहरा रही राम पताकाएं माहौल को भक्तिमय बना दिया है। अयोध्या में श्रीराम जन्म भूमि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के मद्देनजर जिले के सभी मंदिरों पर राम भजन, संकीर्तन, रामायण पाठ आदि चल रहा है। सिविल लाइंस स्थित और संगम क्षेत्र स्थित बंधवा वाले हनुमान मंदिर में भी श्रद्धालु सामूहिक रामायण पाठ चल रहा है। नैनी सेंट्रल जेल में कैदियों के लिए भी रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कराया गया। यहां बंदियों ने हनुमान चालीसा, सुंदरकांड और भजन-कीर्तन का कार्यक्रम किया।

Related Articles

Back to top button