मॉरीशस के आर्थिक संबंधों में यूपी निभा सकता है अग्रणी भूमिका: सीएम योगी

मॉरीशस के आर्थिक संबंधों में यूपी निभा सकता है अग्रणी भूमिका: सीएम योगी

वाराणसी,  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि भारत एवं मॉरीशस के आर्थिक संबंधों में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभा सकता है।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं योगी आदित्यनाथ ने तीन दिवसीय भ्रमण पर काशी आए मारीशस के प्रधानमंत्री प्रविन्द कुमार जगन्नाथ से शुक्रवार को शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने मारीशस के प्रधानमंत्री का प्रदेशवासियों की तरफ से स्वागत करते हुए उन्हें अंगवस्त्रम ओढ़ाया जिस पर भारत एवं मारीशस का मानचित्र उकेरा गया था। मेहमान नेता को श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का प्रतीक स्मृति चिह्न स्वरूप भी प्रदान किया।

श्री योगी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविन्द जगन्नाथ के साथ बैठक की तथा मॉरीशस और उत्तर प्रदेश के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत एवं मॉरीशस के आर्थिक संबंधों में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभा सकता है। मॉरीशस एवं भारत की संस्कृति एक जैसी है।

मुख्यमंत्री ने मॉरीशस के लोगों और उद्यमियों को भारत और उत्तर प्रदेश आने का निमंत्रण दिया। यहां पर्यटन के क्षेत्र के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की भी भारी संभावनाएं हैं। भारत के बहुत लोग टूरिज्म के लिए मॉरीशस जाते हैं। मॉरीशस से भी लोग भारी संख्या में काशी, अयोध्या, मथुरा, प्रयागराज एवं कुशीनगर पर्यटन के लिए आते हैं। इस आदान प्रदानं को और बढ़ाने की जरूरत है।

उन्होने गन्ना विकास के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग पर जोर देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में गन्ना पेराई की 119 चीनी मिलें संचालित है। अतीत में गन्ना की खेती के लिए ही उत्तर प्रदेश से लोग मॉरीशस गए थे। गन्ना अनुसंधान एवं तकनीकी के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश एवं मॉरीशस मिलकर कार्य कर सकते हैं।

मारीशस के प्रधानमंत्री जगन्नाथ ने कहा कि भारत से मॉरीशस का भावनात्मक लगाव है। दोनों देश विकास की संभावनाओं को बहुत आगे बढ़ा सकते हैं। उन्होंने बताया कि मारीशस में चीनी उत्पादन अर्थव्यवस्था का मूल स्रोत है। उन्होंने इस क्षेत्र में विकास की संभावनाओं का पूरा उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने भारत के उद्यमियों को अपने देश में निवेश के लिये आमंत्रित किया।

काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर के नए कलेवर के बारे में मेहमान नेता ने कहा कि तीन वर्ष पूर्व भी वह काशी आए थे। वह आज जब पुनः काशी आए हैं तो उन्हें यहां अद्भुत एवं आशातीत विकास दिखाई दिया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के दौरान अद्भुत अनुभूति हुई और वह काफी अभिभूत हुए।

मुख्यमंत्री ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री को बताया कि श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन एवं इच्छा के अनुरूप हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रतिदिन लगभग एक लाख से अधिक भक्त बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन करते हैं। नव वर्ष के अवसर पर 7 लाख एवं शिवरात्रि को 5 लाख भक्तों ने बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन किया, जो रिकॉर्ड है।

Related Articles

Back to top button