समाजवादी लोग गांव गांव जाकर चलाएंगे पीडीए पाठशाला: अखिलेश यादव

कन्नाैज, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि यदि सरकार प्राथमिक स्कूल बंद करती है तो फिर समाजवादी लोग गांव गांव जाकर पीडीए पाठशाला चलकर पढ़ाएंगे।

अखिलेश यादव ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण शिक्षा है जिस पर हमला करने का काम भारतीय जनता पार्टी के लोग कर रहे हैं। पिछले चुनाव में हम लोग कहते थे कि संविधान खतरे में है। राइट टू एजुकेशन संविधान के तहत एक कानून है। जिसमे हर एक को अधिकार मिला हुआ है कि उसकी पढ़ाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा “ जब ये संस्थान बंद होंगे तो गरीब परिवार, पीडीए समाज के बच्चे कहाँ पढ़ने जाएंगे। हम समाजवादी लोगों से कहेंगे कि एक एक गांव में पढ़े लिखे लोग पार्टी के कार्यकर्ताओं की टीम बनाएं, जो रिटायर शिक्षक हैं, मैं उन सभी लोगों से कहूंगा कि पीडीए पाठशाला बनाकर उन बच्चों को शिक्षित करने का काम करें। हम लोग बच्चों की पढ़ाई रुकने नही देंगे। हम समाजवादी लोग पीडीए पाठशाला चला कर बच्चों की पढ़ाई पूरी कराने का काम करेंगे।”

अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय मे कन्नौज का विकास बड़े पैमाने पर होगा। भारतीय जनता पार्टी ने 9 साल कन्नौज को पीछे धकेलने का कार्य किया है।नाम मात्र के लिए कुछ काम किया हो तो किया हो लेकिन बुनियादी कार्य जो शुरू हुए थे, उन तमाम कामो को भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने रोका है। मैं कन्नौज की जनता को भरोसा दिलाना चाहता हूँ कि जहां उन्होंने मुझे चुन कर सेवा करने का मौका दिया है, आने वाले समय मे समाजवादी सरकार बनने पर देश मे कन्नौज का ऐतिहासिक विकास होगा। हम समाजवादी लोग लगातार जनता के बीच मे हैं और कहीं यदि कोई अन्याय दिखाई देता है तो फिर हम उसके खिलाफ आवाज उठाएंगे।
अधिकारियों के निलंबन के बारे पूछने पर उन्होंने कहा कि सस्पेंशन कोई इलाज नहीं है। इनकी सरकार में किसी की सुनवाई नही है। इनके अपने लोगों को न्याय नही मिलता है। उन्होंने कहा कि इंस्टीट्यूशन में बैठे लोग अपने पर ध्यान नही दे रहे हैं कि वो क्या कर रहे हैं। बल्कि वो लोग कहते हैं कि समाजवादी लोग नमाजवादी हैं।
उन्होंने कहा कि इनके पहले जो राष्ट्रीय अध्यक्ष बने और पहले प्रधानमंत्री बने उनके नाम का प्रस्ताव पांच वक्त के नमाज पढ़ने वाले ने किया था। स्व. प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी जब राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये गए थे तो उस समय उनके नाम का प्रस्ताव रखने वाले व्यक्ति पांच वक्त के नमाजी थे। भारतीय जनता पार्टी का मुम्बई में जो राष्ट्रीय सम्मेलन हुआ, जिसमें पार्टी का गठन हुआ और उसके आयोजन में जो पैसा खर्च हुआ। वो भी पड़ोसी देश के एक परिवार के लोगों ने सबसे ज्यादा पैसा दिया था। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग केवल नफरत फैलाना जानते हैं। ये नकली लोग हैं।

Related Articles

Back to top button