उपराष्ट्रपति चुनाव: पीएम मोदी,पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन, सोनिया गांधी ने किया मतदान

उपराष्ट्रपति चुनाव: पीएम मोदी,पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन, सोनिया गांधी ने किया मतदान

नयी दिल्ली, देश के उपराष्ट्रपति के चुनाव के लिए शनिवार को हो रहे मतदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत सरकार और विपक्ष के कई प्रमुख नेताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने उपराष्ट्रपति चुनाव मे सबसे पहले मतदान किया। इस बार 16वें उपराष्ट्रपति के चुनाव में सत्तारुढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से जगदीप धनखड़ और विपक्ष की ओर से मार्गरेट अल्वा मैदान में हैं। वर्तमान उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का पांच वर्ष का कार्यकाल 10 अगस्त को पूरा हो रहा है।

मतदान करने वालों में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे पी नड्डा, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी शामिल हैं।

संसद के दोनो सदनों के सांसद सुबह दस बजे से शाम पांच बजे के बीच मतदान कर सकेंगे। मतों की गिनती आज ही की जाएगी। चुनाव आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के अनुसार एकल संक्रमणीय मत के माध्यम से होता है।

उपराष्ट्रपति के निर्वाचक मंडल में अकेले भाजपा के पास कुल 780 मतों में से 394 हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में शामिल राजनीतिक दलों के संसद में 441 सदस्य हैं। इनमें से 394 भारतीय जनता पार्टी के हैं। राज्यसभा में पांच नामित सदस्यों ने भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार का समर्थन करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा बीजू जनता दल, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, तेलुगू देशम पार्टी, शिरोमणि अकाली दल, शिवसेना- एकनाथ शिंदे गुट ने भी श्री धनखड़ का समर्थन करने की घोषणा की है।

विपक्षी खेमे में तृणमूल कांग्रेस ने मतदान में भाग न लेने की घोषणा की है। श्री धनखड़ इससे पहले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल थे और उनकी उपराष्ट्रपति पद के नामांकन से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भेंट हुई थी। विपक्ष की उम्मीदवार श्रीमती अल्वा तृणमूल कांग्रेस के इस फैसले पर निराशा प्रकट कर चुकी है।

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू का कार्यकाल समाप्त होने के एक दिन बाद नव निर्वाचित उपराष्ट्रपति 14 अगस्त को शपथ लेंगे।
उपराष्ट्रपति संविधान के अनुसार राज्यसभा के अध्यक्ष के रूप में कार्य करता है।

Related Articles

Back to top button