लखनऊ में सिपाही की पत्नी ने लगायी फांसी

लखनऊ, लखनऊ के बीकेटी थाने में तैनात एक सिपाही की पत्नी ने रविवार को अपने कमरे में पंखे पर दुपट्टे के सहारे लटक कर आत्महत्या कर ली।
आत्महत्या से पूर्व मृतका ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो भी शेयर की थी। जिसमे पति और ससुराल वालों पर मारने-पीटने का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान सौम्या कश्यप (25) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अनुराग और सौम्या ने लगभग एक वर्ष पहले मंदिर में प्रेम विवाह किया था। सौम्या कुछ दिन पहले ही अपने मायके से ससुराल आई थी। वहीं सौम्या का पति अनुराग बीकेटी थाने पर ईगल मोबाइल में तैनात हैं।सुसाइड से पहले सौम्या ने इंस्टाग्राम पर दो वीडियो पोस्ट किए। इन वीडियो में उसने अपने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया।
उसने बताया कि उसके ससुराल वाले पति की दूसरी शादी कराना चाहते थे। साथ ही उसके जेठ ने उसे मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने मामले की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी है। परिजन मैनपुरी से लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त होने पर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।