‘खेलो इंडिया’ में इस बार बने 26 रिकाॅर्ड: PM मोदी

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘खेलो इंडिया’ के तीन प्रमुख विजेताओं महाराष्ट्र, हरियाणा और राजस्थान को बधाई देते हुये रविवार को कहा कि इस बार ‘खेलो इंडिया’ में 26 रिकाॅर्ड बने हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने आकाशवाणी पर अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’की 122वीं कड़ी में कहा,“ हाल ही में ‘खेलो इंडिया’ गेम्स की बड़ी धूम रही। खेलों इंडिया के दौरान बिहार के पाँच शहरों ने मेजबानी की थी। वहाँ अलग-अलग वर्ग के मैच हुए थे। पूरे भारत से वहाँ पहुंचे एथलिटों की संख्या पाँच हजार से भी ज्यादा थी। इन एटलिटों ने बिहार की खेल भावना की, बिहार के लोगों से मिली आत्मीयता की, बड़ी तारीफ की है।”
उन्होंने कहा कि बिहार की धरती बहुत खास है। इस आयोजन में यहाँ कई अनूठी चीजें हुई हैं। खेलों इंडिया यूथ गेम्स का ये पहला आयोजन था, जो ऑलम्पिक चैनल के जरिए दुनिया-भर में पहुंचा। पूरे विश्व के लोगों ने हमारे युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को देखा और सराहा। इस बार खेलो इंडिया में कुल 26 रिकाॅर्ड बने। भारोतोल्लन स्पर्धाओं में महाराष्ट्र की अस्मिता धोने, ओडिशा के हर्षवर्धन साहू और उत्तर प्रदेश के तुषार चौधरी के शानदार प्रदर्शन ने सबका दिल जीत लिया। महाराष्ट्र के साईराज परदेशी ने तो तीन रिकाॅर्ड बना डाले। एथलिटों में उत्तर प्रदेश के कादिर खान और शेख जीशान और राजस्थान के हंसराज ने शानदार प्रदर्शन किया। इस बार बिहार ने भी 36 पदक अपने नाम किए।
प्रधाानमंत्री ने कहा,“जो खेलता है, वही खिलता है। युवा खिलाड़ियों के लिए यह बहुत मायने रखता है। इस तरह के आयोजन भारतीय खेलों के भविष्य को और सँवारने वाले हैं।”