उप मुख्यमंत्री ने कहा, सपा की साइकिल सैफई के लिए प्रस्थान

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश विधानसभा के उपचुनाव में सभी सीटों पर जीत का दावा करते हुये उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) की साइकिल सैफई के लिए प्रस्थान कर चुकी है।

केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को फूलपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी दीपक पटेल के नामांकन करने के बाद मीडिया से कहा कि प्रदेश की सभी नौ सीटों पर भाजपा गठबंधन जीत दर्ज करेगा और फूलपुर सीट पर तीसरी बार प्रचंड बहुमत से कमल खिलेगा। उप चुनाव में सपा का सूपड़ा साफ होगा और उनकी साइकिल सैफई के लिए प्रस्थान कर चुकी है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन टूट चुका है। लोकसभा चुनाव के दौरान सपा और कांग्रेस के पक्ष में जो माहौल बन गया था उसकी हवा निकल गई है। हरियाणा में विजय रथ के साथ भाजपा का रथ आगे बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि यह विजय 2027 में 2017 दोहराने की नीव की मजबूत ईंट बनेगी।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस अथवा सपा हो या अन्य इंडी गठबंधन दल हो, “कांग्रेस मुक्त भारत, सपा और बसपा मुक्त उत्तर प्रदेश” बनाने का जनता ने ठान चुकी है। उन्होंने कहा कि उप चुनाव हो या 2027 का विधानसभा चुनाव सपा और कांग्रेस एक साथ मिलकर लड़े इनका सफाया होगा और कमल खिलेगा।

Related Articles

Back to top button