फूलपुर विधानसभा उपचुनाव में सपा ने घोषित किया प्रत्याशी

प्रयागराज,  उत्तर प्रदेश की दस सीटों पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन की अटकलों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुधवार को प्रयागराज की फूलपुर विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया।

फूलपुर विधानसभा की यह सीट प्रवीण पटेल के सांसद बनने के बाद रिक्त हुई है। इस सीट पर हाेने वाले उप चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां सक्रिय मोड में दिख रहीं हैं लेकिन सपा ने आधिकारिक तौर पर पूर्व विधायक मुज्तबा सिद्दीकी को प्रत्याशी घोषित किया। इससे पहले 2022 के विधानसभा चुनाव में भी सपा ने फूलपुर सीट से मुज्तबा सिद्दीकी को चुनाव लड़ाया था। भाजपा के प्रवीण पटेल ने उन्‍हें करारी शिकस्‍त दी थी। अब एक बार फ‍िर उपचुनाव में सपा ने मुज्तबा सिद्दीकी पर भरोसा जताया है।

इससे पहले 2017 के विधानसभा चुनाव में मुज्तबा सिद्दीकी प्रतापुर सीट से बसपा के टिकट से चुनाव लड़े थे। इस चुनाव में मुज्तबा सिद्दीकी ने अपना दल प्रत्‍याशी करन सिंह पटेल को हरा कर विधायक चुने गए थे। सपा की विजमा यादव तीसरे स्थान पर थी।

फूलपुर विधानसभा उपचुनाव सीट पर सपा ने अपना प्रत्याशी उतार कर कांग्रेस को झटका दे दिया है। इस सीट से कांग्रेस भी अपना प्रत्याशी उतारने की बात कह रही थी। लेकिन हरियाणा विधानसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद सपा ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया।

बीते लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद बहुजन समाज पार्टी (बसपा) उपचुनाव में दमखम के साथ सबसे पहले अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा करके सबको चकित कर दिया था।

इस सीट के लिए बसपा शिवबरन पासी को अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। शिवबरन को पार्टी प्रमुख मायावती का खास भरोसेमंद माना जाता है। वर्ष 1995 से बहुजन समाज पार्टी से जुड़े शिवबरन पासी का यह पहला चुनाव है, जबकि वह फूलपुर से लेकर प्रयागराज की कार्यकारिणी तक कई अहम पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने अभी तक अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं किया है।

Related Articles

Back to top button