मैनपुरी की बजाय सपा के लोगों ने किया अपना विकास: मुख्यमंत्री योगी

मैनपुरी, समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैनपुरी को एक समय में वीवीआईपी का दर्जा था,फिर मैनपुरी का विकास क्यों नहीं हुआ।

मुख्यमंत्री योगी ने मंगलवार को यहां 368 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण करने के बाद कहा कि सपा सरकार के समय मैनपुरी को वीवीआईपी नगर का दर्जा दिया गया था मगर यह सब दिखावटी था क्योंकि विकास के नाम पर यह जिला पिछड़ता चला गया। भाजपा की सरकार बनने के बाद मैनपुरी विकास की मुख्य धारा में आ गया है।

उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश का विकास तेजी से हो रहा है और वह उत्तर प्रदेश को विकास में नम्बर 1 बनाएंगे। 40 लाख करोड़ का निवेश उत्तर प्रदेश में जल्द होने वाला है। 2017 में उत्तर प्रदेश 7वीं अर्थव्यवस्था थी,अब दूसरे नम्बर पर आ गयी है।काशी और अयोध्या के बाद अब मथुरा में तेजी से काम चल रहा है और मथुरा का विकास भी अयोध्या व काशी की तर्ज पर होगा।

मुख्यमंत्री  योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने जन्माष्टमी के आयोजन पर रोक लगा दी थी।अब 1585 थानों में जन्माष्टमी मनाई जा रही है।

मैनपुरी के बरनाहल में एक विशाल सभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार मिल रहा है,गुंडों और माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्यवाही हो रही है।आज लूट और अपहरण की घटनाएं उत्तर प्रदेश में नहीं हो रही हैं,और जो ऐसा करने का दुस्साहस करेगा तो उसकी आने वाली सात पीढ़ियों को सबक सिखाने वाली कार्यवाही होगी और ऐसी कार्यवाही लोगों के लिए सबक बन चुकी हैं।

उन्होने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने मैनपुरी का विकास करने के बजाय सरकार में बैठे लोगों का विकास किया और विदेशों में द्वीप तक खरीद लिए।

शिवपाल सिंह यादव का नाम लिए बगैरह उन्होंने कटाक्ष किया कि चचा को धक्के खाकर भी वहीं पड़े रहने की आदत है। लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता धक्के नहीं खायेगी और विकास की मुख्य धारा से जुड़ेगी।

मैनपुरी को केंद्रित करते हुए उन्होंने कहा कि मैनपुरी के लोगों का अब पहचान का संकट नहीं है।पहले मैनपुरी के नाम से लोगों को होटल के कमरे नहीं मिलते थे,लेकिन अब ऐसा नहीं है। मैनपुरी की पहचान ऋषियों और स्वतंत्रता सेनानियों की भूमि के नाम से रही है और प्रदेश सरकार मैनपुरी के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।इस अवसर पर उन्होंने मैनपुरी में मिनीं ग्रामीण स्टेडियम बनाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न योजनाओं के पात्रों को ऋण वितरण के साथ ही छात्र-छात्राओं को टैबलेट बांटे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ,योगेंद्र उपाध्याय, पूर्व केबिनेट मंत्री व विधायक रामनरेश आगिनोहत्री सहित प्रदेश सरकार के मंत्री ,बीजेपी के नेता व अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button