उपचुनाव में सभी दस सीटों पर जीतेंगे गठबंधन प्रत्याशी: अजय राय

अयोध्या,  कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की दस सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सूपड़ा साफ हो जायेगा और गठबंधन प्रत्याशियों की जीत होगी।

बस्ती जाते समय राष्ट्रीय मार्ग पर डा. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के निकट कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा कि प्रदेश में दस सीटों पर उपचुनाव में गठबंधन प्रत्याशी जीतेंगे और भाजपा बुरी तरह से हारेगी।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वह उपचुनाव में गठबंधन प्रत्याशी को विजयी बनाने में पूरी ताकत से जुट जायें। वह गरीबों, पीडि़त और जरूरतमंद के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनें और उनके निराकरण के लिये शासन-प्रशासन से लड़ाई लडक़र उन्हें उनका हक दिलायें।

राय ने कहा कि अयोध्या के कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी के साथ प्रत्याशी को विजयी बनाने में कोई कसर न रखें। पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश में दस सीटों पर उपचुनाव होना है जिसमें कांग्रेस ने पांच सीटों पर चुनाव लडऩे का दावा किया है और सीटों पर इंडिया गठबंधन के दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। दसों सीटों पर इंडिया गठबंधन की जीत होगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा का दावा लोकसभा के चुनाव में हवा-हवाई हो गया। अस्सी की अस्सी सीटों पर भाजपा चुनाव जीतने का दावा कर रही थी लेकिन कुछ ही सीटों पर जीत पायी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पांच सीटों का दावा किया है। राष्ट्रीय नेतृत्व इसका फैसला करेगा। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव, जिला प्रवक्ता सुनील कृष्ण गौतम, पूर्व जिलाध्यक्ष रामदास वर्मा, रामकुमार पाण्डेय, भीम शुक्ला, अनिल तिवारी आदि लोग मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button