पीओके को भारत का हिस्सा बनाने के लिए चाहिए 400 पार : CM योगी

लखनऊ,  भीषण गर्मी और लू के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 400 सीटों के पार पहुंचाने के संकल्प के साथ धुआंधार चुनाव प्रचार में व्यस्त रहे।

रविवार को एक के बाद एक उन्होने छह लोकसभा क्षेत्रों में जाकर जनसभाओं को संबोधित किया। प्रतापगढ़ में उन्होने उपस्थिति जनसमुदाय से कहा कि अगर भाजपा 400 सीटों के आंकड़े को पार करती है तो पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) को वापस लाया जायेगा।

आजमगढ़, लालगंज, जौनपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर और इलाहाबाद में चुनाव प्रचार करते हुए उन्होने सपा-कांग्रेस को कहा कि कांग्रेस व सपा हिंदुओं को तबाह करना चाहती है। सीएम ने सपा पर तंज कसा कि सरकार बनाने के लिए चाहिए 273 सीट और सपा लड़ रही है 62-63 सीट पर। यह सरकार तो बना नहीं पाएंगे, बल्कि सिर्फ पीछे ढोल बजाते रहेंगे।

अब आजमगढ़ को नहीं, सपा के नेता को हर व्यक्ति शक की निगाह से देखता है

सीएम योगी ने आजमगढ़ में सांसद व भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ के पक्ष में कहा कि आजमगढ़ की पहचान आतंक के गढ़ के रूप में बना दी गई थी। देश में कहीं भी आतंकी धमाके होते थे तो आजमगढ़ का नाम आता था, मगर बीते 10 साल में कहीं आतंकी घटना नहीं हुई।

उन्होने कहा कि आजमगढ़ को अभी बहुत कुछ देना है, इसे औद्योगिक सिटी बनाना है। यह फिल्म सिटी का केंद्र बनेगा, जहां से ढेर सारे निरहुआ और आम्रपाली दुबे निकलेंगे। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वो लोग यहां पिकनिक मनाने आ रहे हैं और चुनाव बाद इंग्लैंड घूमने निकल जाएंगे। सीएम ने तंज कसा कि अब आजमगढ़ को नहीं, बल्कि सपा के लोगों को शक की निगाह से देखा जाता है। लोग मानते हैं कि ये शरीफ तो नहीं होगा, जरूर कोई गुंडा बदमाश होगा। सपा के समर्थक की तलाशी शुरू हो जाती है, लोग समझते हैं कि ये कुछ गड़बड़ करने आया होगा।

मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ के फूलपुर पवई में लालगंज लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी नीलम सोनकर के लिए आयोजित जनसभा में कहा कि सपा, कांग्रेस और इंडी गठबंधन अराजकता, भ्रष्टाचार और कर्फ्यू लगाने वाला गठबंधन है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की सरकार में गरीबों, दलितों, महिलाओं और नौजवानों के प्रति नहीं, बल्कि माफिया और आतंकवादियों के प्रति इनकी संवेदना थी। यह उनके लिये काम करते थे।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपने ही देश को नहीं बचा पा रहा है। पीओके में लगातार आंदोलन चल रहा है। वहां अव्यवस्था और आगजनी हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरा कार्यकाल दीजिये, पीओके भारत का हिस्सा होगा। सीएम ने कहा कि गुंडा-माफिया के सरगना कह रहे हैं कि योगी जी को बुलडोजर नहीं चलाना चाहिए। मैं कहता हूं कि चिंता न करो, जो बचे हैं चुनाव बाद उनकी संपत्ति पर भी बुलडोजर चल जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी ने जौनपुर में भाजपा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह के लिए वोट मांगा। बोले कि सपा व कांग्रेस के रूप में रावण का जिन्न आज भी मौजूद है। इनके कारनामे रावण जैसे हैं। इन पर प्रभु राम की कृपा नहीं हो रही है। होगा वही, जो रामलला चाहेंगे और रामलला अपने भक्त मोदी को तीसरी बार सत्ता सौंपने का निर्णय ले चुके हैं। सीएम ने कहा कि सपा और माफिया का चोली-दामन का साथ है। यह अलग हो ही नहीं सकते।

पूर्वांचल के दुर्दांत माफिया के मरने पर सपा अध्यक्ष उसके घर मातम मनाने जाते हैं। हम उत्तर प्रदेश की धरती से रामद्रोहियों, भारत विरोधियों और माफिया को समाप्त करके रहेंगे। सीएम ने कहा कि सपा-कांग्रेस के इंडी गठबंधन का एकजुट होना खतरे की घंटी का संकेत है। दो लड़कों की जोड़ी अनर्थ करने के लिए ही मिलती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भाजपा न आपकी संपत्ति का सर्वे कराने देगी, न ही जजिया कर लगाने देगी और न ही पिछड़ी, अनुसूचित जाति व जनजाति के आरक्षण पर सेंध लगाने देगी।

मुख्यमंत्री ने रामपुर खास में प्रतापगढ़ के सांसद व भाजपा प्रत्याशी संगमलाल गुप्ता के पक्ष में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर को भारत का हिस्सा बनाना है, इसलिए अबकी बार 400 पार सीटें चाहिए। कांग्रेस और सपा को इस नारे से चक्कर आने लगा है, क्योंकि प्रयागराज और गाजीपुर वाले इनके शागिर्द मिट्टी में मिल चुके हैं। सपा आतंकवादियों की हितैषी पार्टी है। सीएम ने कहा कि इंडी गठबंधन के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है। जो रामद्रोही है वो राष्ट्रद्रोही भी है। इन सभी के डीएनए एक जैसे हैं। ये मिलकर अराजकता फैलाते और ताड़का, मारीच व सुबाहू की तरह दंगा-फसाद कराते हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने फूलपुर से विधायक और लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवीण पटेल के पक्ष में सोरांव में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आमजन, बेटी-व्यापारी, दलित-पिछड़ों की सुरक्षा में जो खतरा थे, वे सब स्वाहा यानी मिट्टी में मिल गए हैं। इससे प्रदेश और देश खुश है, लेकिन सपा के यहां मातम है। सपा का इतिहास काले कारनामों से भरा पड़ा है।

उन्होंने कहा कि फूलपुर की मौर्य परिवार की महिला के पति की हत्या कर माफिया ने उनकी 10 बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया था। उनकी सुनवाई नहीं होती थी। हमने उस परिवार को उनकी जमीन पर कब्जा दिलाया। अखिलेश यादव रामभक्तों पर गोली चलाने का समर्थन करते हैं तो दूसरी तरफ आतंकियों पर दायर मुकदमों को वापस लेते हैं। उन्होंने कहा कि विरासत टैक्स की घोषणा कर कांग्रेस व सपा ने साबित कर दिया कि औरंगजेब की आत्मा को जीवित कर यह हिंदुओं को तबाह करना चाहती है, लेकिन भाजपा इनकी कारस्तानी पूरा नहीं होने देगी।

मुख्यमंत्री ने करछना में इलाहाबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी के पक्ष में जनसभा की। बोले कि प्रयागराज में विधायक राजू पाल की हत्या कर दी जाती है और समाजवादी पार्टी बेशर्मी से माफिया को अपने गले का हार बना लेती है। सपा से बोलिए कि इन्हें आपने 25 वर्ष के लिए दुर्दांत माफिया की कब्र पर फातिहा पढ़ने के लिए स्वतंत्रता दे दी है। इस अवधि तक इनकी राजनीति से छुट्टी कर दीजिये। दो लड़कों की जोड़ी फूलपुर आई थी, लेकिन पब्लिक ही नहीं थी। ऐसे में बैरन वापस चले गये हैं।

उन्होंने कहा कि प्रयागराज में अगला वर्ष महाकुंभ का है। प्रयागराज स्मार्ट सिटी और पुलिस कमिश्नरेट बन गया है। महाकुंभ से पहले दिल्ली को जोड़ने वाला गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण भी पूरा हो जाएगा। सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा के पास विंध्यवासिनी धाम, चित्रकूट धाम समेत अन्य धामों की सुध लेने की फुर्सत नहीं है क्योंकि यह लोग पाकिस्तान को लाभ पहुंचाने और आतंकवादियों को आमंत्रित करने में ही व्यस्त रहते हैं।

Related Articles

Back to top button