मुख्यमंत्री योगी ने कहा,इस चुनाव में एक धारा राम भक्तों की, दूसरी राम द्रोहियों की

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस चुनाव में दो धाराएं स्पष्ट हो चुकी हैं। एक धारा रामभक्तों, राष्ट्र भक्तों, विकास की है तो दूसरी धारा, राम द्रोहियों, भारत विरोधियों, गरीब कल्याण विरोधियों की है जो आतंकवाद को पनपने देते हैं और देश के साथ गद्दारी करते हैं।

मुख्यमंत्री ने फूलपुर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी प्रवीण पटेल के समर्थन में रविवार को बहरिया के सिकंदरा रउजा गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, जब भी कांग्रेस और सपा का गठबंधन होता है, जब भी दो लड़कों की जोड़ी मिलती है, कोई ना कोई अनर्थ करने के लिए मिलती है।

उन्होंने कहा, जब सपा प्रदेश में और कांग्रेस केंद्र में सरकार में थी, तब अयोध्या में राम जन्मभूमि पर, काशी में संकट मोचन मंदिर पर आतंकी हमला हुआ था। अखिलेश एक और राम भक्तों पर गोली चलाने का समर्थन करते हैं, दूसरी तरफ आंतकियों पर दायर मुकदमों को भी वापस लेते हैं।

फूलपुर के पड़िला महादेव में इंडी गठबंधन की संयुक्त रैली में भाषण दिए बगैर अखिलेश यादव और राहुल गांधी के वापस जाने पर तंज कसते हुए श्री योगी ने कहा, “दो लड़कों की जोड़ी यहां से बैरंग लौटी है। यह जोड़ी यहां जोर आजमाइश करने आई थी, लेकिन फूलपुर की जनता ने उन्हें आसमान दिखा दिया है।”

गौरतलब है कि मंच पर भारी भीड़ के चढ़ने की वजह से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने सभा को संबोधित नहीं किया और वे वापस चले गए।

मुख्यमंत्री ने पूर्व में प्रदेश में सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “इस पूरे प्रयागराज क्षेत्र में जिन लोगों ने वसूली के केंद्र खोले थे, गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रहे थे, बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए जो खतरा बने हुए थे, वे अब मिट्टी में मिल गए हैं, स्वाहा हो गए हैं। उन्होंने कहा, “इससे प्रदेश खुश है, देश खुश हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी के यहां मातम है। उनको आपकी और प्रदेश की चिंता नहीं थी बल्कि अपनी राजनीति की चिंता थी। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लोग देश की कीमत पर राजनीति करना चाहते हैं।”

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज दुनिया को नेतृत्व देने का सामर्थ्य भारत में है। भारत सुरक्षित है और आतंकवाद एवं नक्सलवाद की समस्या का समाधान कर चुका है। विकास के बड़े बड़े कार्य हो रहे हैं। पहले गरीबों की कल्याणकारी योजनाएं ये माफिया डकार जाते थे। गरीब को राशन नहीं मिलता था, गरीब भूख से मरता था। गरीब का मकान समाजवादी पार्टी के गुंडे हड़प जाते थे।

मुख्यमंत्री ने केंद्र की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन, 60 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा, 50 करोड़ लोगों के जनधन खाते और 12 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि, 12 करोड़ गरीबों के घरों में शौचालय पहुंच गया है। चार करोड़ गरीबों के मकान बन गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भी कहा है कि 70 वर्ष से ऊपर का जो भी बुजुर्ग होगा, उसे हर वर्ष पांच लाख रुपये तक का उपचार निःशुल्क कराने के लिए कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा, “ कांग्रेस और सपा का गठबंधन खतरनाक मंसूबे के साथ आया है। इनका घोषणा पत्र कहता है कि इनके भीतर औरंगजेब की आत्मा समा चुकी है। ये जजिया कर लगाना चाहते हैं। आज वरासत टैक्स की घोषणा करके कांग्रेस ने साबित कर दिया है कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस औरंगजेब की आत्मा को पुनर्जीवित करके हिंदुओं को तबाह करना चाहती हैं। भाजपा इन लोगों के मनसूबे कामयाब नहीं होने देगी।”

Related Articles

Back to top button