भाजपा प्रत्याशी को पूरे राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश की मुरादाबाद सीट से भाजपा प्रत्याशी व पूर्व सांसद सर्वेश सिंह रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गये। लगभग तीन बजे पुत्र विधायक सुशांत सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी।

भाजपा उम्मीदवार का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ। पूर्व सांसद सर्वेश सिंह की अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ा। भाजपा नेता के पैतृक गांव रतुपुरा, ठाकुरद्वारा में अंतिम संस्कार किया गया।

गौरतलब है कि मुरादाबाद सीट से भाजपा प्रत्याशी सर्वेश सिंह का शनिवार को एम्स अस्पताल दिल्ली में इलाज के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया था।

अंतिम संस्कार से पूर्व दिवंगत भाजपा नेता को पुलिस के जवानों ने सलामी दी। इस मौके पर अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन करने के लिए मुरादाबाद मंडल के साथ गांव देहात से आए लोगों की भीड़ इकट्ठा थी।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, सांसद एसटी हसन,नगर विधायक रितेश गुप्ता, रामपुर सदर विधायक आकाश सक्सेना, महापौर विनोद अग्रवाल, ठाकुरद्वारा विधायक नवाब जान समेत तमाम राजनीतिक, सामाजिक हस्तियां ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Articles

Back to top button