सहारनपुर जिला प्रशासन ने चलाया नकली पनीर और दूध के खिलाफ अभियान

सहारनपुर, उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिला प्रशासन ने जिले में नकली पनीर,दूध, मावा,मक्खन के कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाया है।

अपर आयुक्त सहारनपुर रमेश कुमार यादव ने बृहस्पतिवार को बताया कि बुधवार को पांच विभागों के दल ने रामपुर मनिहारान क्षेत्र में कई डेरियों पर छापेमारी की और खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित कर जांच की गई। कई डेरी संचालकों के खिलाफ थाना रामपुर मनिहारान में एफआईआर भी दर्ज कराई गई। इस दल में उमेश कुमार यादव के साथ सहायक खाद्य आयुक्त अशोक कुमार और अन्य अधिकारीगण शामिल थे।

उन्होने बताया कि जांच में अधोमानक पाए गए 1400 किलोग्राम पनीर और 4800 लीटर दूध भी नष्ट कराया गया। गंगा मिल्क फूड्स मौसम अली के यहां ढाई क्विंटल पनीर नष्ट कराया। इरशाद डेयरी के 51 क्विंटल पनीर को नष्ट कराया। अहमान डेयरी से मिल्क पाउडर, पनीर, दूध, रिफाइंड, पामोलिन आयल के नमूने लेकर 2500 लीटर दूध और डेढ़ सौ किलोग्राम पनीर नष्ट कराया।

यादव ने बताया कि नेशनल डेयरी अमजद के यहां से 2000 लीटर दूध और 800 किलो पनीर नष्ट कराया। अमजद के खिलाफ थाना रामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। साथ ही उसकी डेयरी को भी सील कर दिया गया।

कमिश्नर अटल कुमार राय ने आज बताया कि उन्हें इस तरह की शिकायतें मिल रही थी और उन्हें आशंका थी कि 11 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान इन नकली खाद्य पदार्थों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल हो सकता है। उन्होंने पूरे मंडल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नकली दूध, मावा, पनीर, घी के खिलाफ सघन अभियान चलाए और नकली खाद्य पदार्थों नष्ट करें।

Related Articles

Back to top button