मानसून की पहली बारिश से मौसम हुआ सुहाना ,जलभराव से लोग हुए परेशान

सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में रविवार को हुई मानसून की पहली बारिश जहां एक ओर भीषण गर्मी से राहत दिलायी वहीं दूसरी ओर निचले इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानियों का भी सामना करना पडा।
स्मार्ट सिटी सहारनपुर और जनपद के नगर पालिका और टाऊन एरिया अंतर्गत कस्बों में निचले इलाकों में जल निकासी के माकूल प्रबन्ध न होने से जल जमाव से लोगों को दो-चार होने को मजबूर होना पड़ा। कई दिनों की जबरदस्ती गर्मी यानि मौसम 44-45 डिग्री सेल्सियस तक बने रहनेके कारण लोग बेहद परेशान थे। रातों में भी विद्युत आपूर्ति सुचारू न होने से और जलापूर्ति नियमित न होने से लोग बहुत परेशान थे।
रविवार सुबह 8 बजेसे पूरे जनपद और आसपास के क्षेत्रों में जमकर मेघा बरसे और सड़कें पानी से लबालब हो गई। नाले और नालियां अतिरिक्त पानी को नहीं ले पाने से सड़कों पर पानी भर गया। लोगों को आवाजाही में भारी असुविधा हुई। कई इलाकों में तेज हवाओं से पेड़ों की टहनियां भी टूट गईं।सहारनपुर-देहरादून मार्ग पर कई स्थानों पर इससे यातायात भी अवरूद्ध हुआ।
बारिश के दौरान पूरे जनपद में विद्युत आपूर्ति ठप्प रही। दोपहर 2 बजे के बाद सूर्य निकला और फिर से मौसम में तपिश बढ़ गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले कुछ दिनों के दौरान तेज और छिटपुट बारिश होने की प्रबल संभावना है। बारिश होने की लोग बड़ी तीव्रता से प्रतीक्षा कर रहे थे।उन्हें आज इससे काफी राहत मिली।
कृषि वैज्ञानिकों के मुताबिक इस बारिश से आम और लीची की फसल को लाभ मिलेगा। सहारनपुर दसहरी, लंगडा और चौसा आम एवं जायकेदार मीठी लीची के लिएमशहूर है। जिला उद्यान अधिकारी गमपाल सिंह ने बताया कि दसहरी तैयार हो गई है और इसी हफ्ते बाजार में लोगों को मिलने लगेगी। एक महीने बाद यहां का चौसा आम उसके चाहने वालों को उपलब्ध हो जाएगा। ये तीनों आम सहारनपुर से यूरोप, अमेरिका, जापान और मध्य पूर्व के देशों दुबई में निर्यात हो रहे हैं।