मनमोहन सिंह के निधन पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

पटना,  पूर्व प्रधानमंत्री एवं कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आज श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

सदाकत आश्रम में शुक्रवार को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रो. रामजतन सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस नेताओं ने डा. सिंह की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर शोक व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रो. सिन्हा ने कहा कि डा. सिंह को उनके सामाजिक, राजनीतिक और वैश्विक योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। 2004 से 2014 तक उन्होंने देश के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार दो बार अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया।

इस दौरान देश को कई बार आर्थिक उलझनों से बाहर निकाला। इससे पहले उन्होंने साल 1991 में, पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में वित्त मंत्री के रूप में भारतीय अर्थव्यवस्था को नया रूप दिया। उन्होंने उदारीकरण, निजीकरण और वैश्वीकरण की नीतियों को अपनाया। इन नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को वैश्विक बाजार के लिए खोल दिया। पद्म विभूषण से सम्मानित राजनेता के व्यक्तित्व से सभी को प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने उन्हें अपना मार्गदर्शक बताया और उनके निधन को देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

पुष्पांजलि के बाद कांग्रेस नेताओं ने दो मिनट का मौन दिवंगत डा.सिंह के लिए रखा और अपनी संवेदनाएं प्रकट की।
श्रद्धांजलि सभा में प्रो. सिन्हा के अलावे पूर्व मंत्री अफाक आलम, संजीव प्रसाद टोनी, प्रेमचन्द्र मिश्रा, ब्रजेश पाण्डेय, निर्मल वर्मा, राजेश राठौड़, सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button