गुजरात के लोग कर रहे हैं अयोध्या पर कब्जा: कांग्रेस

अयोध्या,  कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की शह पर राम नगरी अयोध्या पर गुजरात के कारोबारी कब्जा कर रहे हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को मिल्कीपुर विधानसभा में ‘ संविधान बचाओ संकल्प सम्मेलन” को सम्बोधित करते हुए कहा “ अयोध्या में जितना विकास हो रहा है, सारा कार्य गुजरात के लोग कर रहे हैं। अयोध्या के लोगों का मकान तोड़ा गया, जमीनें हड़पीं गयीं, दुकानें तोड़ी गयीं, यही इनका विकास हो रहा है। गुजरात के लोगों का अयोध्या पर कब्जा है। प्रसाद जो बांटा जा रहा है वह भी गुजरात की कम्पनी का है।”

उन्होंने कहा “ बनारस में हमने लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के छक्के छुड़ा दिये। अयोध्या के लोगों ने यहां से भाजपा को हरा दिया। अयोध्या के लोगों ने पूरे देश को बताया कि अन्याय व अत्याचार अब चलने वाला नहीं है।”

पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश के उपचुनाव की सभी दस सीटों पर इंडिया गठबंधन चुनाव भारी मतों से जीत रहा है और 2027 में भी इंडिया गठबंधन प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनायेगा। हम सभी एकजुट होकर आसुरी शक्तियों को जवाब देंगे जो राजनैतिक मुखौटा पहनकर जाति व धर्म के नाम पर लडऩे का कार्य कर रही हैं।

श्री राय ने कहा “ भाजपा के लोग कहते हैं कि कांग्रेस पार्टी के लोग अयोध्या नहीं आते लेकिन उनको मैं बताना चाहता हूं कि मकर संक्रांति के दिन सरयू में स्नान भी किया और दर्शन भी किया। आज प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर व भव्य और दिव्य मंदिर में विराजमान रामलला का शरद पूर्णिमा के दिन दर्शन करके आशीर्वाद लिया है।”

अजय राय ने कहा कि वाराणसी के लोग जो बाबा विश्वनाथ का प्रसाद बनाते थे और अपना जीवन व्यतीत करते थे उनसे भी छीन लिया गया। अब वहां भी विश्वनाथ का प्रसाद गुजरात की अमूल कम्पनियां बनायेंगी।

संकल्प सम्मेलन को राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश सिंह ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद, प्रदेश महासचिव मनोज गौतम, अमेन्द्र मल्ल, मिर्जा शाने आलम, जैनेन्द्र पाण्डेय, संजय यादव, जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव, महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल सहित तमाम कांग्रेसी नेता उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button