दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और रावण दहन में जुटीं हजारों की भीड़

झांसी, उत्तर प्रदेश के झांसी में नौ दिनों तक नवरात्र पर्व के बाद शनिवार को प्रतिमा विसर्जन और असत्य पर सत्य की जीत के पर्व दशहरा पर रावण पुतला दहन के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। जिले में यह कार्यक्रम अपार जनसमूह के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।

जनपद में तीन अक्टूबर से शुरू हुए नवरात्र पर्व के दौरान 945 मां दुर्गा और मां काली के पंडालों की स्थापना की गयी। इस दौरान सभी पंडालों में भक्तों ने भावपूर्ण तरीके से मां का पूजा अर्चन किया। दशहरा के दिन जनपद में माता प्रतिमा विसर्जन और रावण पुतला दहन दोनों कार्यक्रमों का आयोजन पूर्ण शांति के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के साथ साथ तमाम तरह की व्यवस्थाएं चाकचौबंद की।

पूरे नौ दिनों तक जिले के आला अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहे और शांति व्यवस्था का जायजा लेते हुए लगातार निदेर्श देते रहे। ऐसी ही व्यवस्था आज भी पूरे आयोजन क्षेत्र में की गयी। प्रतिमा विर्सजन मार्ग से लेकर विसर्जन स्थल तक पुलिस और प्रशासन ने चाकचौबंद व्यवस्था की। विसर्जन मार्ग को दुरूस्त कराया गया और सीसीटीवी कैमरों से पूरे मार्ग की निगरानी की गयी। मार्गों और विसर्जन स्थल पर चप्पे चप्पे पर पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी से तैनात रहे।

मिश्रित आबादी वाले इलाकों से प्रतिमाओं के गुजरने के दौरान किसी भी तरह की अवांछित स्थिति न पैदा हो इसके लिए प्रशासन ने लगातार काम किया। दोपहर से विभिन्न स्थलों से जब प्रतिमाएं विसर्जन स्थल की ओर रवाना हुई तो बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का हुजुम विसर्जन मार्ग पर एकत्र हुआ। पूरा मार्ग माता के जयकारों से गुंजायमान हुआ। विसर्जन मार्ग पर लोगों ने घरों की छतों ने माता के नौ रूपों का दर्शन किया और गुजरती प्रतिमाओं पर पुष्पवर्षा की।

दूसरी ओर क्राफ्ट मेला मैदान में दशहरा के अवसर पर रावण,कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों को लगाया गया और इस क्षेत्र में भी पुलिस और प्रशासन ने तमाम तरह की व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। क्षेत्र में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त बेरीकेडिंग की गयी और बड़ी संख्या में पुलिकर्मियों तथा सीसीटीवी कैमरों को लगाया गया। यहां पर आयोजित समारोह में महानगर के गणमान्यों ने शिरकत की । दशहरा कमेटी के द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मंत्रमुग्ध कर देने वाली आतिशबाजी का भी आयोजन किया गया। इस दौरान इस क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए।

Related Articles

Back to top button