नहीं रहे रतन टाटा, 86 साल की उम्र में मुंबई में निधन

मुंबई, प्रसिद्ध उद्योगपति एवं टाटा संस के मानद अध्यक्ष पद्म विभूषण रतन एन टाटा का आज देर रात मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया।

रतन टाटा का जन्म 28 दिसंबर 1937 को हुआ था। टाटा संस के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन ने यहां जारी बयान में यह जानकारी देते हुये कहा, “हम रतन टाटा को बहुत ही दुख के साथ विदाई दे रहे हैं, जो वास्तव में एक असाधारण नेता थे, जिनके अतुल्य योगदान ने न केवल टाटा समूह को बल्कि हमारे राष्ट्र के ताने-बाने को भी आकार दिया है।”

उन्होंने कहा कि टाटा समूह के लिए रतन टाटा एक अध्यक्ष से कहीं बढ़कर थे। उन्होंने कहा, “ मेरे लिए वे एक गुरु, मार्गदर्शक और मित्र थे। उन्होंने उदाहरण देकर प्रेरणा दी। उत्कृष्टता, अखंडता और नवाचार के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के साथ उनके नेतृत्व में टाटा समूह ने अपने नैतिक मानदंडों के प्रति हमेशा सच्चे रहते हुए अपने वैश्विक पदचिह्न का विस्तार किया।”

श्री चंद्रशेखरन ने कहा कि परोपकार और समाज के विकास के प्रति रतन टाटा के समर्पण ने लाखों लोगों के जीवन को छुआ है। शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य सेवा तक, उनकी पहल ने एक गहरी छाप छोड़ी है जिसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा। इस सभी कार्य को पुष्ट करने वाला श्री टाटा का हर व्यक्तिगत बातचीत में वास्तविक विनम्रता थी।

उन्होंने कहा, “पूरे टाटा परिवार की ओर से मैं उनके प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। उनकी विरासत हमें प्रेरित करती रहेगी, क्योंकि हम उनके सिद्धांतों को बनाए रखने का प्रयास करते रहेंगे।”

Related Articles

Back to top button