अयोध्या में रामलला के दर्शन, आरती का समय बदला

अयोध्या, अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर में रामलला के दर्शन,भोग और आरती की समयसारिणी में मामूली बदलाव किया गया है।

मंदिर प्रशासन ने मंगलवार को राम मंदिर की प्रस्तावित दिनचर्या का कार्यक्रम जारी किया है जिसके अनुसार तीन अक्टूबर से रामलला की मंगला आरती भोर चार बजे के स्थान पर अब साढ़े चार बजे होगी जबकि श्रृंगार आरती छह बजे की बजाय साढे छह बजे की जायेगी।

रामलला के प्रात:कालीन दर्शन सुबह सात बजे से होंगे जबकि पहले यह समय साढे छह बजे था। सुबह नौ बजे पांच मिनट के लिये बाल भोग हेतु मंदिर के कपाट बंद किये जायेंगे जिसके बाद श्रद्धालु अपने आराध्य का दर्शन पूजन कर सकेंगे। दोपहर 12 बजे भोग आरती के बाद साढे 12 बजे से डेढ बजे तक पट बंद कर दिये जायेंगे।

सांध्य आरती का समय शाम सात बजे निर्धारित किया गया है जिसके बाद भक्तगण दर्शन आदि कर सकेंगे। शयन आरती रात साढ़े नौ बजे होगी जिसके बाद मंदिर के कपाट अगले दिन तक के लिये बंद कर दिये जायेंगे।

Related Articles

Back to top button