अयोध्या में विकास के नाम पर किया गया भारी भ्रष्टाचार: अजय राय

अयोध्या, राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि अयोध्या में विकास के नाम पर भारी भ्रष्टाचार किया गया है।

अजय राय ने आज यहां फैजाबाद जेल में निरुद्ध कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात करने के बाद जिला कारागार गेट पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि फैजाबाद के जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव पर जिला प्रशासन ने दण्डात्मक कार्रवाई की है, जिसकी हम निंदा करते हैं।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में विकास के नाम पर भारी भ्रष्टाचार किया गया है। मंदिर निर्माण के पूर्व कौडिय़ों के दाम में खरीदी गयी जमीन रातोंरात करोड़ों में बेंच दी गयी। पहली ही बरसात में अयोध्या के विकास की कलई खुल गयी है। उन्होंने कहा कि श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य और दिव्य बन रहे कई करोड़ों रुपये से राम मंदिर में पानी टपकने लगा और मंदिर की कुछ दूरियों पर जलभराव की समस्या हो गयी। इससे यह साफ जाहिर होता है कि पहली ही बरसात में अयोध्या के विकास की कलई खुल गयी है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में ज्यादातर काम और प्रमुख व्यापारिक स्थल गुजराती कम्पनियों को दिये गये। अयोध्या नगर निगम द्वारा बिना टेंडर आउट सोर्सिंग के गुजरात से जुड़ी एक कम्पनी को पिछले तीन वर्षों से करोड़ों रुपये का अवैध भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कम्पनी का नाम एबी इंटरप्राइजेज है और कागजों में इसका पता मेहसाणा गुजरात है।

उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से बना टेंडर के इस कम्पनी को हजारों कर्मचारियों के आउटसोर्सिंग के लिये लगातार विस्तार दिया जा रहा है। वर्ष 2020-21 में इसका पहली और अंतिम बार टेंडर हुआ था। तबसे कोई टेंडर न देकर इसका विस्तार किया गया। यूपी सरकार का शासनादेश है कि एक वर्ष से अधिक किसी भी सूरत में बिना टेंडर भुगतान हो ही नहीं सकता लेकिन अयोध्या नगर निगम में बड़ा गोलमाल आज भी जारी है।

उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की नगरी में यह धोखाधड़ी का खेल कब तक चलेगा। लोकसभा चुनाव में जनता ने अपना परिणाम सुना दिया है। जल्द ही इन लोगों का प्रदेश से सूपड़ा साफ करने की तैयारी में हैं।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने गोण्डा ट्रेन हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि देश में ट्रेन हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। गोण्डा के समीप डिबू्रगढ़ एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। रेल मंत्री को इन घटनाओं से कोई फर्क नहीं पड़ा है। वे सत्ता सुख लेने में मशगूल हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार द्वारा शिक्षकों के डिजिटल अटेंडेंस पर रोक लगाना और लखनऊ के इंद्रप्रस्थ नगर, पंत नगर, खुर्रमनगर, अबरार नगर, शिवानी बिहार में बुलडोजर कार्रवाई को स्थगित करने का निर्णय यूपी में होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा की सोची-समझी चाल है।

इसके पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, पूर्व सांसद डा. निर्मल खत्री के घर उनसे मुलाकात करने पहुंचे। इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद, प्रदेश महासचिव मनोज कुमार गौतम, महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल, जिला प्रवक्ता सुनील कृष्ण गौतम, बृजेश रावत, चेतनारायण सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रामनाथ वर्मा, जिला पंचायत सदस्य सुरेश चौधरी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button