बिहार के आठ सांसद बने केंद्रीय मंत्री

पटना, बिहार से दो राज्यसभा सांसद और छह लोकसभा सांसद नरेन्द्र मोदी की 3.0 सरकार में केन्द्रीय मंत्री बने हैं।जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के कोटे से बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भारतरत्न कर्पूरी ठाकुर के पुत्र राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कोटे से राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र दुबे ने नरेन्द्र मोदी की सरकार में राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

वहीं, भाजपा के कोटे से बेगूसराय से लोकसभा सांसद गिरीराज सिंह (कैबिनेट मंत्री), उजियारपुर से लोकसभा सांसद नित्यानंद राय (राज्यमंत्री), मुजफ्फरपुर से लोकसभा सांसद राजभूषण चौधरी निषाद (राज्यमंत्री) बनाये गये हैं। जदयू के कोटे से मुंगेर से लोकसभा सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह कैबिनेट मंत्री बनाये गये हैं।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कोटे से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हाजीपुर (सु) से लोकसभा सांसद चिराग पासवान और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री और गया (सु) के लोकसभा सांसद जीतन राम मांझी पहली बार नरेन्द्र मोदी की सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाये गये हैं।

Related Articles

Back to top button