भाजपा का स्पीकर नहीं होना चाहिये: आप

लखनऊ, आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंंधन (राजग) की नयी सरकार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का स्पीकर नही होना चाहिए।

संजय सिंह ने शनिवार को यहां पार्टी कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा का स्पीकर नहीं होना चाहिये वरना भाजपा आसानी से पार्टियाँ तोड़ेगी, सांसदों को निलंबित करेगी, संविधान विरोधी बिल पास करेगी।

उन्होने कहा कि 2014 की तुलना में भाजपा की 160 सीटे कम आयी और 2019 की तुलना में 63 सीट कम आयी। यह जनादेश देश की जनता ने बेरोजगारी,महंगाई,अग्निवीर योजना के खिलाफ दिया है। संविधान और आरक्षण को खत्म करने के प्रयास के खिलाफ दिया है। भाजपा को इससे सबक लेना चाहिए।

सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा किसी की सगी नहीं है अयोध्या में हार जाने के बाद अब अयोध्या वासियों को भाजपा वाले गाली दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश के तीन सीटों पर धांधली का आशंका जताते हुए सांसद संजय सिंह ने कहा कि, फर्रुखाबाद, बांसगांव और फूलपुर के सीटों पर भाजपा के जीत का अंतर दो से चार हजार है। काउंटिंग के अंतिम समय में बिजली काट दी गई थी।

उन्होने कहा, यह एनडीए की सरकार 13 महीने भी चल सकती है 6 महीने भी और 13 दिन भी। बहुत जल्द इनकी विदाई हो जाएगी।

Related Articles

Back to top button