अखिलेश यादव ने किया ये बड़ा दावा

महाराजगंज/मऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को दावा किया कि चार जून के बाद दिल्ली से भाजपा की सरकार हटने जा रही है।

महराजगंज लोकसभा क्षेत्र में इंडिया गठबंधन कांग्रेस के प्रत्याशी वीरेन्द्र चौधरी और मऊ लोकसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी राजीव राय के समर्थन में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुये उन्होने कहा कि इस बार इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बहुत मेहनत किया है। सभी ने पसीना बहाया है। जनता भाजपा के खिलाफ है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से हर वर्ग परेशान है। भाजपा ने किसानों, नौजवानों, व्यापारियों, महिलाओं सभी को धोखा दिया है। प्रधानमंत्री इस चुनाव में घबराये हुए हैं। उनकी जुबान लड़खड़ा रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के धोखे, अन्याय, अत्याचार से परेशान जनता का गुस्सा सातवें चरण में सातवें आसमान पर है। पूर्वांचल में भाजपा प्रत्याशियों की जमानतें जब्त होने जा रही है। चार सौ का नारा देने वाले भाजपा के लोग अब नारा देना भूल गए हैं। वे डरे हुए है कि चार सौ सीटे हार जाएंगे। देश की 140 करोड़ जनता भाजपा को 140 सीटों के लिए तरसा देगी।

उन्होने कहा कि भाजपा सरकार की हर बात झूठी निकली। हर वादा झूठा निकला। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था लेकिन आय दोगुनी नहीं हुई। खेती की लागत बढ़ने से किसान संकट में पहुंच गया। भाजपा ने बड़े-बड़े उद्योगपतियों का 25 लाख करोड़ का कर्ज माफ कर दिया लेकिन किसानों, गरीबों का न कर्ज माफ किया न कोई मदद की। महंगाई बढ़ाकर कम्पनियों का मुनाफा बढ़ाया। हर तरह से लूट की। लूट और झूठ भाजपा सरकार की पहचान बन गयी है। भाजपा सरकार ने दस साल तक सिर्फ उद्योगपतियों और अपने अमीर दोस्तों के लिए काम किया।

अखिलेश यादव ने किसानों को भरोसा दिलाया कि इंडिया गठबंधन की सरकार किसानों का कर्ज माफ करेगी। किसानों की हर तरह से मदद की जाएगी। किसानों को उनकी फसलों के लिए एमएसपी का कानूनी अधिकार दिया जाएगा। भाजपा सरकार ने तीन काले कानून लाकर किसानों की फसल और जमीन छीनने का षड्यंत्र किया था लेकिन हमारे किसानों ने आंदोलन करके भाजपा के षड्यंत्र को विफल किया।

उन्होने कहा कि चार जून को भाजपा सरकार हटेगी। देश में खुशियों के दिन आयेंगे। महंगाई, बेरोजगारी खत्म होगी। भाजपा सरकार हटेगी। दिल्ली में मंत्रिमंडल बदलेगा। भाजपा की भ्रष्ट मित्र मंडली भी बदलेगी।

Related Articles

Back to top button