उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करेंगे उत्तराखंड के नीब करौरी महाराज के दर्शन

नैनीताल, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ गुरुवार को उत्तराखंड के नैनीताल जिले के कैंची धाम पधार रहे हैं। वह यहां नीब करौरी महाराज के दर्शन करेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उपराष्ट्रपति बरेली से हेलीकाप्टर से चल कर हल्द्वानी स्थित कैंट हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से वह कार द्वारा कैंची धाम पहुंचेंगे। यहां नीब करौरी महाराज के दर्शन करने और कुछ देर रूकने के बाद वापस लौटेंगे।

यहां से सीधे पंतनगर स्थित जीबी पंत कृषि एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय जायेंगे और प्राध्यापकों से संवाद करेंगे। नैनीताल जिला प्रशासन ने उनकी यात्रा को लेकर विशेष तैयारियां की हैं। खासकर यातायात को लेकर विशेष प्लान जारी किया है। उप राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान पूरे मार्ग को ‘जीरो जोन’ घोषित किया गया है।

पुलिस प्रशासन की ओर से जारी यातायात प्लान के अनुसार कल सुबह छह बजे से उप राष्ट्रपति के लौटने तक हल्द्वानी से पहाड़ी क्षेत्रों को जाने वाले भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

हल्द्वानी से पहाड़ की ओऱ जाने वाली उत्तराखंड परिवहन निगम और केमू की बसें सुबह छह बजे से ही कार्यक्रम समाप्ति तक ज्योलिकोट के रास्ते अपने गंतव्य को जायेंगी।

उपराष्ट्रपति के उतरने से ठीक 15 मिनट पहले से ही नैनीताल बैंक तिराहा से अमृतपृर मोड़ तक कोई वाहन नहीं रहेगा। पूरे क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया है। इस दौरान परिवहन निगम और केमू की बसों को भी रोडवेज पर रोक दिया जायेगा।

इसके अलावा रामपुर रोड, बरेली रोड, चोरगलिया और कालाढूंगी से पहाड़ी क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों पर भी कार्यक्रम समाप्ति तक प्रतिबंध रहेगा। सभी वाहन कालाढूंगी और नैनीताल होते हुए अपने गंतव्य को जोयेंगे।

Related Articles

Back to top button