ग्राम प्रधान के पति को दिनदहाड़े मारी गोली

प्रताप गढ़, उत्तर प्रदेश के प्रताप गढ़ जिले में अंतू थाना क्षेत्र के कोलबजरडीह ग्राम प्रधान अनीता सिंह के पति 48 वर्षीय बसंत सिंह को सोमवार सुबह दो लोगों ने दिन दहाड़े गोली मार दी।

प्रधान पति प्राथमिक विद्यालय हरिशंकरी में शिक्षक थे और वह आज सुबह स्कूल से बच्चों के लिए किताबे लेने बाइक से कटका बाजार जाने को निकले थे। विद्यालय के पास ही कटका शीतलागंज मार्ग पर पहले से खड़े बाइक सवार दो लोगों ने उन्हें रोक कर गोली मार दी। पैर व पेट में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर मौके से भाग निकले।

सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें सीएचसी संडवा चंद्रिका ले आई। यहां से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मेडिकल कॉलेज से प्रयागराज रेफर कर दिया गया। एसओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुरानी रंजिश में गोली मारने की बात सामने आ रही है। अभी तहरीर नहीं आई है। हमलावरों के बावत जानकारी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button