सीएम योगी ने महर्षि वाल्मीकि जयंती, ईद-ए-मिलादुन नबी की प्रदेशवासियों को दीं शुभकामनाएं

सीएम योगी ने महर्षि वाल्मीकि जयंती, ईद-ए-मिलादुन नबी की प्रदेशवासियों को दीं शुभकामनाएं

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महर्षि वाल्मीकि जयन्ती और ईद-ए-मिलादुन नबी की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से शनिवार को जारी संदेश में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि महाकाव्य रामायण के रचयिता की जयंती श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनायी जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने आदिकाव्य रामायण की रचना कर लोगों को सत्य एवं कर्तव्य परायणता पर चलने का मार्ग दिखाया। भगवान श्रीराम की गाथा को देश-दुनिया में पहुंचाने का श्रेय महर्षि वाल्मीकि को जाता है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा, “मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का जीवन हम सभी को त्याग, मर्यादाओं के पालन और कर्तव्य परायणता की सीख देता है। भगवान श्री राम से हमें सदैव धर्म का अनुसरण करते हुए जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है। उनके द्वारा दी गई शिक्षा और आदर्शों को अपनाकर प्रगतिशील एवं समरसतायुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।”

मुख्यमंत्री ने ईद-ए-मिलादुन नबी के मौके पर भी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। अपने बधाई संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि पैगम्बर हज़रत मोहम्मद साहब की जयंती के अवसर पर यह पर्व मनाया जाता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पर्व समाज में शांति और सद्भाव को बढ़ाने के लिए नई प्रेरणा देगा।

मुख्यमंत्री योगी ने लोगों से कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत सभी सावधानियां बरतते हुए वाल्मीकि जयंती और ईद-ए-मिलादुन नबी के अवसर पर कार्यक्रमों को आयोजित करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button