बूथ स्तर तक महिलाओं की भागीदारी बढ़ाएगी कांग्रेस

लखनऊ, उत्तर प्रदेश कांग्रेस जिलों से लेकर बूथ स्तर तक महिलाओं की भागीदारी बढायेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को महिला कांग्रेस की एक बैठक को संबोधित करते हुये कहा कि महिलायें देश की आधी आबादी और आधा वोट है। आज भारतीय जनता पार्टी जो सत्ता में काबिज है उसका श्रेय महिलाओं को ही जाता है। भाजपा आधी आबादी के वोट के ही दम पर आज सत्ता में काबिज है मगर आज इस सरकार में मातृ शक्ति की उपेक्षा हो रही है।
उन्होने कहा कि आये दिन महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराध हत्या, बलात्कार, लूट जैसी जघन्य घटनाएं हो रही और उससे भी ज्यादा दुखद बात यह है कि थानों में उनकी एफआईआर तक दर्ज नहीं की जा रही है। बढ़ती महंगाई के चलते आप के घरों का बजट बिगड़ गया है आटा, दाल, सब्जी सहित सभी खाद्य सामग्रियों के दामों में बेतहाशा वृद्धि हो गई है। मगर यह सरकार सिर्फ धर्म की आड़ में अपनी सभी खामियों को छुपाने का प्रयास कर रही है।
राय ने कहा कि अब देश और प्रदेश की जनता भाजपा की नीतियों को समझ चुकी है वह बदलाव चाहती है और कांग्रेस की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है।