अखिलेश यादव ने कहा, पुलिस भाजपा के एजेंडे पर काम कर रही है

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें सजा दिलाने के बजाय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजनीतिक एजेण्डे के लिए काम कर रही है।

अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को अराजकता में धकेल दिया है। भ्रष्टाचार, बजट की लूट, निर्दोषों पर झूठे मुकदमें, फर्जी एनकाउण्टर, बढ़ते अपराधों से प्रदेश की छवि खराब हो रही है। इसके लिए प्रदेश की भाजपा सरकार जिम्मेदार है। पुलिस प्रशासन मनमानी पर उतारू है। भाजपा सरकार ने सात साल के शासनकाल में ऐसा माहौल बना दिया है कि आज कोई भी खुद को सुरक्षित नहीं महसूस कर रहा है। असली अपराधियों और घटनाओं के दोषियों की जगह गरीब निर्दोषों पर झूठे मुकदमें लगाकर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।

उन्होने बताया कि उत्तर प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा का जीरो टॉलरेंस का दावा झूठा साबित हो चुका है। भाजपा के नेता, पदाधिकारी, विधायक खुद स्वीकार करते हैं कि प्रदेश में भ्रष्टाचार बहुत बढ़ गया है। इतना भ्रष्टाचार पहले कभी नहीं रहा। मुख्यमंत्री को अब अपने शासन-प्रशासन के कुशासन को स्वीकार कर लेना चाहिए, क्योंकि अब भाजपा और इनके सहयोगी दलों के नेता और जनप्रतिनिधि शासन-प्रशासन पर आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे होने की बाते कह रहे हैं। विधायक, पुलिस कमिश्नरेट को कमीशन रेट की उपाधि दे रहे हैं।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा राज में कमिश्नरेट दरअसल करेप्शनरेट बन गये है। कमिश्नरेट वसूली का विकेन्द्रीकरण है। भाजपा सरकार में जनहित में कोई काम नहीं हो रहा है। विकास कार्य ठप्प है। आम जनता कहीं बाढ़, कहीं जंगली जानवर और बीमारियों से परेशान और त्रस्त हैं। प्रदेश की तमाम समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए सरकार के इशारे पर निर्देषों को झूठें मुकदमों में फंसाने और फर्जी एनकाउण्टर का खेल चल रहा है।

Related Articles

Back to top button