दो और सहेलियां परिजनों को झांसा देकर घर से फरार हुयी

दो और सहेलियां परिजनों को झांसा देकर घर से फरार हुयी

सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में बीते एक माह में दो अलग-अलग घटनाओं में चार सहेलियां अपने परिजनों को झांसा देकर घर से भाग चुकी हैं और इनका अभी तक काेई सुराग नहीं मिला है।

चारों लड़कियों के परिजन बेटियों के घर से अचानक चले जाने से परेशान हैं। ताजा मामला जिले के थाना कस्बा नानौता का है। इस कस्बे के मोहल्ला अफगानान में आसपास रहने वाली 10वीं कक्षा की दो छात्राएं शनिवार को देर रात घर वालों को बिना बताये चली गईं।

थाना प्रभारी नानौता चंद्रसैन सैनी ने सोमवार को बताया कि 09 अप्रैल को रात में लगभग एक बजे दोनों सहेलियां कस्बा नानौता के संजय चौक पर घूम रही थीं। गश्ती पुलिस दल के दरोगा आशीष ने संदिग्ध हालत मे घूमते इन दोनों लड़कियों से उनके इस वक्त घूमने का कारण पूछा तो दोनों लड़कियों ने कहा कि वह घूमने के लिए आई हैं। परेशानी की कोई बात नहीं है।

पुलिस दोनों लड़कियों को थाने लेकर चली गई और उनके माता पिता को थाने बुलाकर उनकी सुपुदर्गी में दे दिया गया। दोनों लड़कियां अपने घरों को चली गईं। लेकिन उसके बाद ये दोनों लड़कियां अपने परिजनों को फिर से झांसा देकर फरार हो गईं। पुलिस और परिजन उनकी तलाश में लग गए हैं। अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है।

गौरतलब है कि पिछले महीने 20 मार्च को भी थाना एवं कस्बा चिलकाना के मोहल्ला जाकिर हुसैन की रहने वाली दो लड़कियां परिजनों को झांसा देकर घर से चली गई थीं। इन लड़कियों का कहना था कि वे एक-दूसरे के साथ रहेंगी और अपना विवाह नहीं कराएंगी।

चिलकाना थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि इनमें से एक लड़की की शादी तय हो चुकी थी। वह शादी तय किये जाने का विरोध कर रही थी। उसी के चलते दोनों सहेलियां 20 मार्च को घर से गायब हो गईं। उनका अभी तक कोई भी सुराग नहीं लग पाया हैं।

सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बताया कि पुलिस इन चारों लड़कियों की तत्परता से तलाश में जुटी है। कस्बा चिलकाना की दोनों लड़कियों के गुमशुदगी वाले इश्तेहार और उनके फोटों और पूरे विवरण के साथ रेलवे स्टेशन अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर इस आशय से लगवाये गए हैं ताकि उनको ढूंढ़ने में सहूलियत हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button