विश्व चैंपियनशिप : पहली बार 4×400 मीटर रिले के फाइनल में भारत

विश्व चैंपियनशिप : पहली बार 4×400 मीटर रिले के फाइनल में भारत

बुडापेस्ट,  मोहम्मद अनस यहिया, अमोज जैकब, मुहम्मद अजमल और राजेश रमेश की भारतीय टीम ने नया एशियाई रिकॉर्ड बनाते हुए पहली बार विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पुरुष 4×400 मीटर रिले फाइनल में क्वालीफाई कर लिया है।

भारतीय टीम शनिवार को पहले चरण के बाद छठे स्थान पर थी लेकिन अमोज की अद्भुत दौड़ ने भारतीय टीम को दूसरे स्थान तक पहुंचाया, जबकि अजमल और राजेश ने दौड़ का शानदार अंत करते हुए दो मिनट 59.05 सेकंड का नया एशियाई रिकॉर्ड भी स्थापित किया।

इससे पहले एशियाई रिकॉर्ड जापान (दो मिनट, 59.51 सेकंड) के पास था, जो उसने विश्व चैंपियनशिप 2022 में बनाया था। भारत ने टोक्यो ओलंपिक में तीन मिनट 0.25 सेकंड में पिछला एशियाई रिकॉर्ड बनाया था और एक बार फिर जापान को पछाड़कर महाद्वीप में अपना वर्चस्व कायम किया।

हीट 1 की दौड़ में भारतीय टीम कुछ क्षण के लिए सबसे आगे भी रही लेकिन अंततः अमेरिका ने दो मिनट और 58.47 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। ग्रेट ब्रिटेन ने दो मिनट 59.42 सेकंड में दौड़ पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रत्येक दो हीट में शीर्ष तीन पर रहने वाली टीमें और अगले दो सबसे तेज फिनिशर फाइनल के लिए क्वालीफाई करते हैं।

Related Articles

Back to top button