भारत लॉन बॉल के ऐतिहासिक फ़ाइनल में

भारत लॉन बॉल के ऐतिहासिक फ़ाइनल में

बर्मिंघम, भारतीय महिला लॉन बॉल टीम ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में सोमवार को यहां न्यूजीलैंड को हराकर ऐतिहासिक फाइनल में जगह बनायी। भारत ने इस प्रतियोगिता में अपना पहला पदक सुनिश्चित कर लिया है और फाइनल में उसका मुकाबला मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका से होगा।

लवली चौबे, पिंकी, नयनमोनी सैकिया और रूपा तिर्की की भारतीय टीम ने रॉयल लीमिंगटन स्पा के विक्टोरिया पार्क में रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड को 16-13 से हराया। पहले दो राउंड में भारत 0-5 से पीछे चल रहा था, और तीसरे राउंड में पहला पॉइंट स्कोर करने के बाद स्कोर 1-6 था।

सातवें दौर के समापन तक भारतीय महिलाओं ने मैच को 5-6 पर ला दिया, जहां से उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। आठवें दौर के अंत तक भारत 7-6 से आगे चल रहा था, जहां से भारतीय महिलाओं ने चढ़ाई करते हुए मैच को 15वें और आखिरी दौर में 16-13 पर समाप्त कर देश के लिये एक पदक सुनिश्चित किया।

दूसरी सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका ने फिजी को 16-14 से हराया। फ़ाइनल शाम सवा पांच बजे खेला जाएगा।

Related Articles

Back to top button