अखिलेश यादव-मायावती ने शुभांशु की वापसी पर खुशी जतायी

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष से सकुशल वापसी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके माता-पिता, परिवार और देशवासियों को बधाई दी है। श्री शुक्ला का स्पेसक्राफ्ट आज कैलिफोर्निया के समुद्र में स्प्लैश डाउन हुआ। अखिलेश यादव ने कहा कि यह अभियान भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। सभी भारतीयों को शुभांशु शुक्ला पर गर्व है।

उन्होंने कहा कि शुभांशु शुक्ला के अंतरिक्ष स्टेशन के लिए रवाना होने के बाद लखनऊ के त्रिवेणी नगर में उनके परिवार के लोगों से मुलाकात हुई थी। यह ऐतिहासिक उपलब्धि परिवार और देशवासियों के लिए गौरवान्वित करने वाला है।

इस बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने भी शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष से वापसी पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होने एक्स पर लिखा “ भारत के शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष में विभिन्न अध्यनों के बाद आज उनकी धरती पर सकुशल वापसी की ख़बर ख़ासकर युवाओं को प्रोत्साहित व देश को उत्साहित करने वाली है। इस सफलता के लिए मूलतः लखनऊवासी श्री शुक्ला व उनके परिवार सहित देश के सभी अंतरिक्ष वैज्ञानिकों व उनकी संस्थाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उम्मीद है कि इस प्रकार के अनुभवों से देश के करोड़ों जनता को ज़रूर लाभ मिलेगा।”

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य,भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी समेत कई गणमान्य लोगों ने शुभांशु शुक्ला की उपलब्धि पर खुशी जाहिर की है।

Related Articles

Back to top button