रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा,भाजपा संगठन का अभिन्न अंग

पचमढ़ी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जहाँ प्रशिक्षण को संगठन की कार्यशैली का अभिन्न अंग माना गया है और जनसंघ से लेकर अब तक पार्टी की एक चीज जो नहीं बदली, वो है प्रशिक्षण की परंपरा।
राजनाथ सिंह ने कल मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में आयोजित प्रदेश के पार्टी सांसदों और विधायकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन सत्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जहाँ प्रशिक्षण को संगठन की कार्यशैली का अभिन्न अंग माना गया है। जनसंघ के जमाने से लेकर आज भाजपा जब भारत ही नहीं पूरे विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है, ऐसे में जो चीज़ नहीं बदली है वह है पार्टी की प्रशिक्षण की परंपरा, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा और गरीब कल्याण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता।
उन्होंने पार्टी नेताओं को अनेक सीख और हिदायतें देते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे नेताओं ने विचार और मूल्यों की राजनीति को स्थापित किया। आज भी हमारा कार्यकर्ता चुनाव हार सकता है, लेकिन विचार से नहीं हटता। यही वजह है कि भाजपा एक साधारण दल नहीं है। उन्होंने कहा कि जो लोग किसी विभाग के मंत्री हैं, उन्हें यह याद रखना चाहिए कि वे विभाग प्रमुख नहीं, बल्कि जनसेवक हैं। मंत्री की कुर्सी सेवा की चौकी है। नीतियों में समरसता दिखाई देना चाहिए, तुष्टिकरण नहीं। हमारे लिए सारी दुनिया एक परिवार है, ऐसे में जाति-पंथ के आधार पर फैसले कैसे हो सकते हैं। हमें हमेशा यह याद रखना चाहिए कि हमारा जन्म सत्ता के गलियारों में नहीं, बल्कि संघर्षों की आंच में हुआ है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि सभी सांसद और विधायक हमेशा संगठन से जुड़े रहें, क्योंकि संगठन तब भी था, जब सत्ता नहीं थी। वे कार्यकर्ताओं को सम्मान दें और उनकी बात सुनें, क्योंकि भाजपा की असली ताकत जनता का भरोसा और कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही है। जनता की सेवा हमारे “डीएनए” में है, हम जनसेवक हैं, शासक नहीं हैं। जनता का भरोसा और कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही भाजपा की असली ताकत है। जनता का भरोसा जीतें और हर संकट के समय सबसे पहले जनता के बीच पहुंचें। सभी अपनी सोच और दृष्टि को बड़ा रखें।