भाजपा जातिगत जनगणना से बचती है: राहुल गांधी

अमरोहा,  कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि गठबंधन की सरकार बनने पर युवाओं, किसानों और महिलाओं के विकास के लिए रोड मैप तैयार किया जायेगा जबकि दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सामाजिक न्याय के लिये जरुरी जातिगत जनगणना करवाने से बचती है।

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के 26 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए सपा-कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी कुंवर दानिश अली के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुये श्री गांधी ने कहा कि आज़ देश में असमानता बढ़ रही है, क्योंकि 22 लोगों के पास 70 करोड़ लोगों की बराबर धन है। दो हिंदुस्तान बन गए हैं। 20-25 अरबपति जो भी सपना देखते हैं उसे पूरा कर लेते हैं क्योंकि सरकार उनके लिए काम करती है।

उन्होंने कहा कि देश के सारे एयरपोर्ट,पोर्ट, बिजली तथा डिफेंस क्षेत्र एक ही उद्योगपति को सौंप दिए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के अरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपए का कर्ज़ा माफ़ किया है लेकिन किसानों का नहीं किया जबकि कांग्रेस के शासनकाल में किसानों के कर्ज़ माफ़ किए गए थे।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जितना पैसा अमीरों को दिया हम गरीबों को देंगे। उद्योगपतियों के साथ किसानों का भी कर्ज़ माफ़ होगा। महालक्ष्मी योजना लागू की जाएगी। इसके लिए सभी परिवारों का ब्यौरा इकट्ठा किया जाएगा। योजना के अंतर्गत हर ग़रीब परिवार से एक महिला को चुना जाएगा और उसके खाते में कांग्रेस पार्टी एक लाख रुपए सालाना उसके खाते में डाले जाएंगे।
राहुल गांधी ने मोदी सरकार द्वारा नोटबंदी को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे देश भर के लोगों को न केवल नुकसान उठाना पड़ा बल्कि दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा था।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि हमारी विचारधारा की लड़ाई है। पहली बार इंडी गठबंधन संविधान और लोकतंत्र की रक्षा कर रहा है जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इसे ख़त्म करने में लगी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नेताओं ने कहा है कि वह संविधान बदल देंगे।

उन्होने कहा कि युवाओं को रोज़गार के नाम पर भाजपा ने केवल ठगा है। देश में इस समय लगभग तीस लाख नौकरियों की जगह ख़ाली हैं। सभी पदों पर भर्ती की जाएगी। युवाओं को सेना में रोज़गार और पेंशन मिलती थी।शहीद होने का दर्जा मिलता था। मोदी सरकार ने वह सब बंद कर दी है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि अग्निवीर को शहीद का दर्जा नहीं मिलेगा। कैंटीन की सुविधा भी नहीं मिलेगी। कांग्रेस की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना को रद्द कर दिया जाएगा। कांग्रेस सरकार में सभी स्नातकों को अप्रेंटिस का अधिकार और पहली नौकरी पक्की देने का प्रावधान किया जाएगा। ऐसे स्नातकों के खाते में एक साल में 85 हज़ार रुपए खटा खट आएंगे।

उन्होंने लगातार पेपर लीक होने पर चिंता जताते हुए कहा कि इस पर रोक लगाने के लिए कानून लाया जाएगा। यह विचारधारा की लड़ाई है, संविधान को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में एक ओर इंडिया गठबंधन और दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आर एस एस) है। इंडिया गठबंधन संविधान और लोकतंत्र की रक्षा कर रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा के लोग लोकतंत्र को ख़त्म करने में लगे हुए हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव अमरोहा में एक साथ पहली बार इंडिया गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में अलग-अलग हेलीकॉप्टर से शनिवार को पहुंचे थे।

Related Articles

Back to top button