महसूस होता है कि मुख्यमंत्री भी हैं कार्यवाहक: अखिलेश यादव

महसूस होता है कि मुख्यमंत्री भी हैं कार्यवाहक: अखिलेश यादव

मैनपुरी, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुये बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति से महसूस हो रहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भी कार्यवाहक की भूमिका में है।

एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने आये श्री यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा “ उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार कार्यवाहक डीजीपी मिला हैं। इससे यही महसूस हो रहा है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी कार्यवाहक हैं।”

उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता भू-माफिया बन गये है। मैनपुरी से लेकर अयोध्या तक भाजपा के नेता जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। भाजपा सरकार अन्याय करा रही है। अधिकारी अन्याय कर रहे हैं। भाजपा सरकारी अधिकारियों के माध्यम से बेईमानी कर चुनाव परिणाम बदल देती है। जनता भाजपा के अन्याय के खिलाफ खड़ी होगी और मतदान करेगी। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का सफाया होगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि देश और प्रदेश के लोग लोकतंत्र पर विश्वास करते हैं। समाजवादी लोग बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के सपनों को पूरा करने वाले है। डॉ राममनोहर लोहिया के सिद्धांतों पर चलने वाले लोग हैं। जनता भाजपा के अन्याय, अत्याचार को बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होने कहा कि जनता भाजपा की कार्यप्रणाली से नाराज है। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर हैं। गरीबों के साथ अत्याचार हो रहा है। भाजपा ने जनता से किया गया वादा पूरा नहीं किया। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। भाजपा कानून और संविधान को नहीं मानती है। लोगों की आवाज दबायी जा रही है। चुनाव से पहले ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ‘ का नारा देने वाली भाजपा सरकार बेटियों का अपमान कर रही है। माताएं, बहने, बेटियां सब देख रही हैं। लोकसभा चुनाव में ये सभी इस अपमान का करारा जवाब देंगी।

इससे पहले अखिलेश यादव ने औरैया में पार्टी के युवा नेता राहुल सविता के आवास पर पहुंचकर परिजनों से मिलकर दुर्घटना पर गहरा दुःख जताया और शोक संवेदना प्रकट की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button