फूलपुर से दीपक पटेल ने किया नामांकन

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश की फूलपुर विधानसभा सीट पर 13 नवंबर को होने वाले उप चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी दीपक पटेल ने शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री राकेश सचान, दयाशंकर सिंह एवं पूर्व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह मौजूद रहे।

नामांकन में उमड़ी भीड़ से उत्साहित भाजपा प्रत्याशी दीपक पटेल ने कहा, “फूलपुर की जनता के उत्साह का मैं सम्मान करता हूं। यही उत्साह वोट में भी तब्दील होगा।” उन्होंने फूलपुर सीट पर भारी मतों के अंतर से जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा इस सीट पर विकास और कानून व्यवस्था बड़ा मुद्दा है। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने फूलपुर का विकास किया है और फूलपुर की जनता तीसरी बार भाजपा की हैट्रिक लगाने के लिए तैयार बैठी है।

दीपक पटेल ने कहा है कि जनता ने समाजवादी पार्सटी (सपा) का भी शासन देखा है। भाजपा शासनकाल में लोग पिछली सरकारों की तुलना में बड़ा फर्क महसूस कर रहे हैं। विपक्ष की ओर से भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग और ध्रुवीकरण के लगाए जा रहे आरोपों पर कहा कि भाजपा न/न ही कभी सत्ता का दुरुपयोग करती है और नहीं ध्रुवीकरण में विश्वास करती है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष पूरी तरह से चुनाव हार रहा है, इसलिए उसकी तरफ से इस तरह का प्रोपेगेंडा फैलाने की कोशिश की जा रही है। श्री पटेल ने कहा फूलपुर सीट पर भाजपा की हैट्रिक लगने जा रही है। उन्होंने दावा किया है कि इस बार जीत का मार्जिन भी बढ़ेगा और कमल का फूल खिलेगा।

Related Articles

Back to top button