ताजमहल की मुख्य गुंबद में निकला पौधा, सिकंदरा में पेंटिंग हुई खराब

आगरा,  आगरा शहर में पिछले दिनों हुई तेज बारिश के बाद ताजमहल की मुख्य गुंबद से पानी की बूंदें टपकने के बाद मुख्य गुंबद पर पौधा निकल आया है। पौधा मुख्य गुंबद पर यमुना की तरफ है जो एक मेहराब के नीचे उगा हुआ है। पर्यटकों ने इसके फोटो और वीडियो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल किए।

तीन दिन पहले बरसात के बाद मुख्य गुंबद से मुख्य कब्रों पर पानी टपका था। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिकारियों ने कहा था कि मुख्य गुंबद पर लगे कलश में जंग लगने से महीन दरार आ सकती है। जिससे पानी टपक सकता है। इसे ठीक कराया जाएगा। पिछली बारिश में ताजमहल के बगीचे में भी पानी भर गया था।

सिकंदरा स्थित अकबर के मकबरे में भी चार सौ साल पुरानी सुनहरी पेटिंग पानी रिसने से खराब हो गई। सिकंदरा में सीलन के कारण मकबरे के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगे पेंटिंग के पैनल खराब होकर उखड़ गए। छत पर लगे अलग-अलग डिजाइन के पेंटिंग के पैनल जगह छोड़ रहे हैं, जिससे वे गिरने की स्थिति में आ गए हैं।

एएसआई के अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल का कहना है कि ताजमहल में पानी रिसने के कारण ढूंढकर उनकी मरम्मत कराई जाएगी। अकबर के मकबरे में सीलन के कारण पेंटिंग के गिरते हुए पैनल पाड़ लगाकर रोके गए हैं। इनका संरक्षण कैसे हो, इसके लिए विशेषज्ञों की कमेटी बनाई गई है।

Related Articles

Back to top button