बिहार मे अपराधी एवं भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दे रही है सरकार :तेजस्वी यादव

समस्तीपुर,बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद)की मजबूती और विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रथम चरण की अपनी सात दिवसीय कार्यकर्ता संवाद सह आभार यात्रा मंगलवार को समस्तीपुर से शुरू की।

समस्तीपुर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजद नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को सरकार संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि जिसके कारण प्रदेश में लाँ एंड ऑर्डर की स्थिति चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि आज ऐसा कोई दिन नहीं है जहां प्रदेश में हत्या एवं लूट की घटनाएं नहीं होती है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी- जनता दल यूनाइटेड की प्रदेश मे जब से डबल इंजन की सरकार बनी है यहां विकास ठप है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि इस सरकार के दो उपमुख्यमंत्री का एक ही काम है दिन-रात राजद और लालू प्रसाद यादव को गाली देना न कि बिहार का विकास करना।

तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग )सरकार के 18 साल हो गए। लेकिन बेरोजगारी एवं पलायन की समस्या दूर नहीं हो सकी।

इस मौके पर राजद विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहिन,आलोक कुमार मेहता, रणविजय साहू,राजद के सांसद संजय कुमार, राजद के प्रदेश प्रवक्ता शक्ति यादव और राजद जिलाध्यक्ष रोमा भारती मौजूद थी।

Related Articles

Back to top button