प्रधानमंत्री मोदी के कांग्रेस को परजीवी कहने पर भड़के मल्लिकार्जुन खडगे

नयी दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर लोकसभा में हुई चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कांग्रेस को ”परजीवी” कहने पर कड़ी आपत्ति दर्ज करते हुए कहा है कि श्री मोदी ने यही शब्द पहले किसानों के लिए कहकर देश के अन्नदाता को भी अपमानित करने का काम किया है।

मल्लिकार्जुन खडगे ने प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए कहा ”आप कांग्रेस को ”परजीवी” की संज्ञा दे रहे हैं। आपने 08 फ़रवरी 2021 को संसद में पूरे देश का पेट भरने वाले किसानों को भी यही शब्द ”परजीवी” कहा था। आपने किसानों के अपने अधिकारों के लिए साल भर के संघर्ष को गाली दी थी। उसके आगे आपकी तानाशाह सरकार को झुकना पड़ा और तीन किसान-विरोधी काले क़ानून वापस लेने पड़े थे।”
उन्होंने कहा ”आज आपने उसी शब्द का इस्तेमाल कांग्रेस पार्टी के लिए किया है, ये कांग्रेस पार्टी के लिए गाली नहीं है। अन्नदाताओं के साथ राष्ट्रनिर्माण में क़ुर्बान हो जाना हमारे लिए गर्व की बात है। कांग्रेस के अनेकों नेताओं ने इस देश के लिए अनगिनत कुर्बानियां दी हैं। हमारे नेताओं ने इस देश को अपने ख़ून-पसीनें से बनाया है।”

मल्लिकार्जुन खड़गे ने सेना को लेकर दिए श्री मोदी के बयान का जिक्र करते हुए कहा ”हमें गौरव और गर्व है कि हमारी सेनाओं ने अदम्य साहस वीरता का परिचय देते हुए 1947, 1965, 1971 में पाकिस्तान को और नाथू ला और चो ला जंग में 1967 में चीन को पराजित किया है और आप कांग्रेस पर सेना के मनोबल को कम करने का झूठा, बेबुनियाद और भद्दा इलज़ाम लगा रहें हैं।

कांग्रेस इस देश के किसानों और जवानों के साथ है और रहेगी, आप अपनी तानाशाही से इस देश की मज़बूत विरासत को हिला नहीं सकते। कांग्रेस ने पंडित नेहरू, बाबासाहेव डॉ अंबेडकर और सरदार पटेल सहित बेहद सम्मानित महान विभूतियों के साथ मिलकर देश का संविधान रचा है। इस देश में लोकतंत्र के मूल्यों को बचाने के लिए कांग्रेस भाजपा से हर गाली खाने को तैयार है। हमारे नेताओं की शालीनता, उनका संविधान और संस्थाओं के प्रति जो सम्मान है उसे हमारी कमज़ोरी ना समझा जाए। गाँधी जी का दिखाया गया सत्य और अहिंसा का पाठ ही हमारी रगों में दौड़ता है।”

Related Articles

Back to top button